Monday, April 29, 2024
Homeशिक्षा जगतशारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए खेल जरूरीः डॉ. रामकिशोर अग्रवाल

शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए खेल जरूरीः डॉ. रामकिशोर अग्रवाल

के.डी. डेंटल कॉलेज में स्पर्धा-2023 का शानदार आगाज

मथुरा। के.डी. डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल में सोमवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच स्पर्धा-2023 का शुभारम्भ किया गया। यह प्रतियोगिता 30 अप्रैल तक चलेगी जिसमें छात्र-छात्राएं वॉलीबाल, बॉस्केटबाल, शतरंज, टेबल टेनिस, एथलेटिक्स, रस्साकशी आदि स्पर्धाओं में अपने कौशल का आगाज कर अधिक से अधिक मेडल जीतने का प्रयास करेंगे। स्पर्धा-2023 का शुभारम्भ डीन और प्राचार्य डॉ. मनेष लाहौरी ने राष्ट्रगान के साथ गुब्बारे उड़ाकर किया।
आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं से अपने संदेश में कहा कि जीवन में खेलों के महत्व पर लम्बी चर्चा की जा सकती है। कुछ लोग मानते हैं कि खेल समय की बर्बादी है लेकिन ऐसा नहीं है। आज के भागमभाग भरे जीवन में खेल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी हैं। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि खेल जीवन में महत्वपूर्ण हैं। खेल हमें सिखाते हैं कि एक टीम के रूप में एक साथ कैसे काम करना है, कैसे लक्ष्य निर्धारित करना और उन्हें हासिल करना है।
प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि मनुष्य के सम्पूर्ण व्यक्तित्व विकास के लिए अच्छी शिक्षा के साथ ही खेलों का समावेश होना भी आवश्यक है। खेल हमें मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाते हैं। श्री अग्रवाल ने कहा कि जिस तरह हम ज्ञान के लिए पढ़ाई करते हैं उसी तरह हमें स्वस्थ शरीर के लिए नियमित रूप से कोई न कोई खेल अवश्य खेलना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सद्भावपूर्ण वातावरण में खेलने का आह्वान किया।

रस्साकशी में जोर लगाते छात्र
प्राचार्य डॉ. मनेष लाहौरी ने छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य से लेकर मानसिक स्वास्थ्य तक खेलों का विशेष महत्व है। शिक्षा का अर्थ केवल पुस्तकों का ज्ञान अर्जित करना ही नहीं होता बल्कि शिक्षा का उद्देश्य व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक विकास का पर ध्यान देना होता है। जिस प्रकार हमारे लिए शिक्षा का महत्व होता है उसी प्रकार शिक्षा में खेलों का भी महत्व होता है। अच्छे स्वास्थ्य के लिए खेलकूद महत्वपूर्ण हैं। शिक्षा से बुद्धि, ज्ञान का विकास होता है वहीं खेलों से हमारा शरीर स्वस्थ और तंदुरुस्त रहता है। डॉ. लाहौरी ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए शिक्षा और खेल दोनों का महत्व है। जिस प्रकार हमें जिन्दा रहने के लिए हवा, पानी और भोजन की आवश्यक होती है उसी तरह स्वस्थ रहने के लिए खेलकूद बहुत आवश्यक हैं क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है।
स्पर्धा-2023 के सफल संचालन के लिए अभिमन्यु को छात्र वर्ग तथा समीक्षा को छात्राओं के वर्ग की कप्तानी सौंपी गई है। स्पोर्ट्स आफीसर डॉ. सोनू शर्मा की देखरेख में चलने वाले इन खेलों में लोकेश शर्मा, लक्ष्मीकांत तथा निशांत निर्णायक की भूमिका का निर्वहन करेंगे। स्पर्धा-2023 के शुभारम्भ अवसर पर डॉ. विनय मोहन, डॉ. सुनील, डॉ. शैलेंद्र चौहान, डॉ. नवप्रीत कौर, डॉ. सिद्धार्थ सिसोदिया, डॉ. अतुल, डॉ. उमेश, डॉ. अजय नागपाल, डॉ. सोनल, प्रशासनिक अधिकारी नीरज छापड़िया सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments