


परमेश्वरी देवी धानुका विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य कौशल किशोर भट्ट सेवानिवृत्त
-विद्यालय परिवार ने किया भावपूर्ण सम्मान समारोह का आयोजन
वृंदावन। परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्या मंदिर, गौशाला नगर में वरिष्ठ आचार्य कौशल किशोर भट्ट के सेवानिवृत्ति उपलक्ष्य में भावपूर्ण सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय प्रबंध समिति, प्रधानाचार्य, आचार्य आचार्या एवं अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह का वातावरण भावुक एवं प्रेरणादायी रहा। जिसमें सभी ने भट्ट जी के दीर्घ शैक्षिक जीवन एवं उनके योगदान को स्मरण किया। हिंदी विभागाध्यक्ष अरुण दीक्षित ने भट्ट जी को शिक्षा जगत का प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनका समर्पण एवं अनुशासन सदैव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। सत्येंद्र द्विवेदी ने भट्ट जी को कर्मठता, सहनशीलता एवं आदर्श का प्रतीक बताया। अंग्रेजी अध्यापक रविंद्र परिहार ने काव्य प्रस्तुति के माध्यम से भट्ट जी के व्यक्तित्व का भावपूर्ण वर्णन किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विपिन कुमार शर्मा ने कहा कि श्री भट्टजी का शिक्षा के प्रति समर्पण अनुकरणीय है तथा उन्होंने विद्यालय के शैक्षिक वातावरण को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। विद्यालय के प्रबंधक शिवेंद्र गौतम ने उन्हें शैक्षिक तपस्वी बताते हुए कहा कि उनका सम्पूर्ण जीवन शिक्षा एवं विद्यार्थियों के उत्थान के लिए समर्पित रहा है।विद्यालय के कोषाध्यक्ष अशोक अग्रवाल, बृजकिशोर त्रिपाठी, योगेंद्र सिंह एवं बांकेलाल शर्मा ने भी विचार व्यक्त करते हुए भट्ट जी के प्रेरणादायी व्यक्तित्व को याद किया। कौशल किशोर भट्ट ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार द्वारा उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। संचालन वाणिज्य विभागाध्यक्ष अतिन अग्रवाल ने किया।

