Home Uncategorized 12वीं के टॉपर्स ने 11वीं के विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र

12वीं के टॉपर्स ने 11वीं के विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र

0

वृंदावन। करियर के द्वितीय पायदान 12 वीं कक्षा में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को उनकी मेहनत , लगन व समर्पण के लिए सम्मानित करते हुए मथुरा मार्ग स्थित वृंदावन पब्लिक स्कूल में ‘टॉपर्स टॉक’ नाम से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
विद्यालय में आयोजित टॉपर्स टॉक कार्यक्रम के दौरान कक्षा 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं ने अपने जूनियर्स को सफलता के मंत्र दिए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा। इसके लिए 12 वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं द्वारा 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया।
इस दौरान टॉपर्स ने विद्यार्थियों को अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया तथा अपनी सफलता की रणनीतियाँ साझा कीं।
कार्यक्रम में विज्ञान वर्ग में उच्चतम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा भूमि गुप्ता ने बताया कि नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, नोट्स तैयार करना, कठिन विषयों का निरंतर अभ्यास तथा आत्मविश्वास सफलता की कुंजी हैं। द्वितीय स्थान प्राप्त कृति शर्मा ने विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से दूर रहकर सकारात्मक सोच के साथ पढ़ाई करने की सलाह दी।
94.40% अंक प्राप्त करके तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली वाणिज्य वर्ग से छात्रा आशी अग्रवाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यदि लक्ष्य निर्धारित करके निरंतर मेहनत की जाए तो उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। कला वर्ग से 91.60% अंक लाने वाले छात्र आनंद सोनी ने सभी विद्यार्थियों को अनुशासन और लगन के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य कृति शर्मा ने कहा कि टॉपर बनना केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं होता, बल्कि यह निरंतर प्रयास, समय प्रबंधन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का परिणाम होता है। विद्यालय के सीईओ इंजीनियर पुण्य प्रकाश ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अध्ययन, शिक्षकों का मार्गदर्शन, माता-पिता का सहयोग और स्वयं पर विश्वास यही सफलता की कुंजी है। इस प्रेरणादायी संवाद से जूनियर छात्र-छात्राओं में उत्साह का संचार हुआ और उन्होंने भी लक्ष्य प्राप्ति के लिए पूरी लगन से प्रयास करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर स्वेका राज, रसिका गौर, दिशी गोस्वामी , योगदत्त शर्मा, सुकुमार गोस्वामी, ऋतिक अग्रवाल शिवानी वर्मा, भारत भूषण उपाध्याय ,जूही मिश्रा आदि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here