
वृंदावन। खेल के मैदान में अपनी विलक्षण प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए सारंग हाई इम्पैक्ट स्कूल, वृंदावन की 6 वर्षीय मेधावी छात्रा आराधिका कर ने राष्ट्रीय स्तर पर इतिहास रच दिया है। हिमाचल प्रदेश के सुरम्य धर्मशाला स्टेडियम में आयोजित 14 वीं नेशनल चैंपियनशिप में आराधिका ने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए 8स्वर्ण (गोल्ड) और 1 रजत (सिल्वर) पदक अपने नाम कर संपूर्ण उत्तर प्रदेश का मान बढ़ाया है। संयुक्त भारत खेल फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में देश भर के लगभग 3500 एथलीटों ने भाग लिया था। जिसके बीच आराधिका की यह सफलता अत्यंत गौरवपूर्ण है।
कठिन परिश्रम और अटूट समर्पण का परिणाम
आराधिका की यह ऐतिहासिक उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, कड़े अनुशासन और खेल के प्रति उनके अद्भुत समर्पण का जीवंत उदाहरण है। 9 अलग-अलग कठिन स्पर्धाओं में उनका यह शानदार प्रदर्शन उनकी उत्कृष्ट खेल क्षमता को दर्शाता है। कोच शैलेंद्र सिंह के कुशल मार्गदर्शन और सारंग हाई इम्पैक्ट स्कूल द्वारा प्रदान किए गए उत्कृष्ट खेल वातावरण व प्रोत्साहन ने आराधिका को इस मुकाम तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस अभूतपूर्व विजय पर संस्थान के निदेशकों खुशबू ओहरी एवं मार्तंड देव उपाध्याय ने आराधिका की भूरि-भूरि प्रशंसा की। कहा कि
आराधिका ने इतनी छोटी उम्र में जो कीर्तिमान स्थापित किया है, वह अद्वितीय है। वह विद्यालय के अन्य सभी विद्यार्थियों के लिए एक महान प्रेरणास्रोत बन चुकी हैं, जो यह सिद्ध करता है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।विद्यालय की प्रधानाचार्य अंजू मल्होत्रा ने इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय आराधिका के माता-पिता के निस्वार्थ प्रयासों और संवर्धन को दिया।

