HomeUncategorizedमुंडिया मेला-2026: समन्वित प्रयासों से श्रद्धालुओं को मिल रही सुरक्षित, सुगम एवं...

मुंडिया मेला-2026: समन्वित प्रयासों से श्रद्धालुओं को मिल रही सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा, सभी विभाग यात्री और श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे

गुरु पूर्णिमा एवं मुंडिया मेला-2026 के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन में मथुरा जंक्शन पर आगरा मंडल के सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ श्रद्धालु यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए चौबीसों घंटे सेवा में जुटे हुए हैं। वाणिज्य विभाग, रेल सुरक्षा बल , भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, परिचालन, कार्मिक, चिकित्सा तथा अन्य विभागों द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
वाणिज्य विभाग द्वारा वृद्ध, दिव्यांग एवं असहाय श्रद्धालुओं को विशेष सहायता प्रदान की जा रही है। टिकट चेकिंग कर्मचारियों ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए बुजुर्ग यात्रियों को सहारा देकर उन्हें सुरक्षित रूप से प्लेटफॉर्म एवं ट्रेनों तक पहुंचाने में सराहनीय भूमिका निभाई। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए M-UTS (मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली) के माध्यम से अनारक्षित टिकट जारी किए जा रहे हैं। साथ ही प्लेटफॉर्म पर हैंडहेल्ड टिकटिंग उपकरणों के माध्यम से त्वरित टिकट वितरण कर लंबी कतारों से राहत प्रदान की जा रही है।
इसी क्रम में मेला अधिकारी श्री वीरेंद्र सिंह एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अरुण सिंह तोमर ने मथुरा जंक्शन पर यात्रियों से संवाद स्थापित कर उनकी यात्रा संबंधी सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का फीडबैक प्राप्त किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रेल सुरक्षा बल (RPF) के अधिकारी एवं जवान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज तथा सर्कुलेटिंग एरिया में लगातार तैनात रहकर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यात्रियों की सहायता भी कर रहे हैं। वहीं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के स्वयंसेवक दिन-रात मानव सेवा में लगे हुए हैं। वे बुजुर्ग, दिव्यांग, महिला एवं बच्चों सहित जरूरतमंद यात्रियों को उचित मार्गदर्शन, सहायता तथा प्राथमिक उपचार उपलब्ध करा रहे हैं।
स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा संचालित खोया-पाया सहायता केंद्र के माध्यम से अपने परिजनों से बिछड़े यात्रियों एवं बच्चों को उनके परिवारजनों से मिलाने का कार्य भी निरंतर किया जा रहा है, जिससे अनेक परिवारों के चेहरे पर खुशी लौट रही है।
स्टेशन परिसर में टिकटिंग व्यवस्था, होल्डिंग एरिया, सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री मार्गदर्शन, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, स्वच्छता एवं सूचना प्रसारण सहित सभी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जा रही है। सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से श्रद्धालुओं को बेहतर, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा रहा है।
उत्तर मध्य रेलवे आगरा मंडल श्रद्धालु यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुंडिया मेला-2026 के दौरान निरंतर मानवीय संवेदनाओं एवं उत्कृष्ट सेवा भाव के साथ कार्य कर रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments