HomeUncategorizedप्रांतीय प्रतियोगिताओं में परमेश्वरी देवी धानुका विद्या मंदिर के खिलाड़ियों का दबदबा,...

प्रांतीय प्रतियोगिताओं में परमेश्वरी देवी धानुका विद्या मंदिर के खिलाड़ियों का दबदबा, जीते स्वर्ण व रजत पदक

वृंदावन। परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने प्रांतीय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण और रजत पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
बरेली के आंवला में आयोजित प्रांतीय कबड्डी प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-14, अंडर-17 व अंडर-19 की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 कबड्डी टीम ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया, वहीं अंडर-14 वर्ग की टीम के 10 खिलाड़ियों ने रजत पदक हासिल किया। कबड्डी की विजयी टीमें अब 16 से 19 अगस्त तक शिकारपुर (बुलंदशहर) में आयोजित होने वाली क्षेत्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी।
इसके अलावा, अलीगढ़ के खैर मार्ग स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित प्रांतीय शतरंज प्रतियोगिता में भी विद्यालय का दबदबा रहा। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के कुल 12 विद्यार्थियों ने इसमें हिस्सा लिया, जिसमें अंडर-19 की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया। ये विजेता खिलाड़ी आगामी 29 से 31 अगस्त तक सरस्वती विद्या मंदिर, गोवर्धन में आयोजित होने वाली क्षेत्रीय शतरंज प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
विद्यार्थियों की इस दोहरी सफलता पर विद्यालय प्रबंध समिति में हर्ष की लहर है। विद्यालय के प्रबंधक शिवेन्द्र गौतम, प्रधानाचार्य विपिन कुमार शर्मा, उपप्रधानाचार्य ओमप्रकाश शर्मा, खेल प्रशिक्षक सतेन्द्र तोमर व दरेन्द्र सिंह तथा आचार्य बंधुओं ने सभी विजेताओं को बधाई दी। प्रधानाचार्य विपिन कुमार शर्मा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का संचार करते हैं। संपूर्ण विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments