
वृंदावन। सूरजभान सरस्वती विद्या मंदिर, शिकारपुर, बुलन्दशहर में विद्या भारती द्वारा आयोजित 38वीं क्षेत्रीय खेलकूद तीरंदाजी प्रतियोगिता में परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्या मंदिर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के 12 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। तीरंदाजी कोच हरीशंकर ने बताया कि बालक वर्ग में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न पदक प्राप्त किए। अंडर-14 वर्ग में मोहित सिंह, आर्यन, वेदांत एवं अभी ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। अंडर-17 वर्ग में वैभव, कौशल, हर्षित एवं ओम ने रजत पदक तथा एक खिलाड़ी ने कांस्य पदक प्राप्त किया। वहीं अंडर-19 वर्ग में यदुवंश, हिमांशु, आयुष्मान एवं विराट ने स्वर्ण पदक अर्जित कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अंडर-14 के मोहित सिंह एवं आर्यन, अंडर-17 के वैभव तथा अंडर-19 के यदुवंश, हिमांशु एवं विराट का चयन अखिल भारतीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। चयनित खिलाड़ी आगामी 1 से 4 दिसंबर के मध्य गया, बिहार में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रस्थान करेंगे। इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक शिवेन्द्र गौतम, प्रधानाचार्य विपिन कुमार शर्मा एवं आचार्य बन्धुओं ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए चयनित खिलाड़ियों को अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का गौरव बढ़ाएंगे।

