

बुखरारी में मारपीट के बाद स्विफ्ट कार में आग लगाने का आरोप, वाहन जलकर राख
कोसीकलां थाना कोसीकलां की शाहपुर चौकी क्षेत्र के गांव बुखरारी में शुक्रवार रात दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद एक स्विफ्ट कार में आग लगाए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद कार धू-धू कर जलकर राख हो गई।
चतुर पुत्र हेतराम ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान दूसरे पक्ष ने उसकी मारुति स्विफ्ट कार संख्या HR 50 K 7142 में आग लगा दी। आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर डायल 112 की पीआरवी तथा शाहपुर चौकी प्रभारी विनीत नेहरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आपसी कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई और विवाद बढ़ने पर कार को आग के हवाले कर दिया गया।
वहीं, चौकी प्रभारी विनीत नेहरा ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

