



प्रियाकान्तजु मंदिर में मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, जलाए दीप, हुई आतिशबाजी झूमे भक्त, मनाया नंदोत्सव, मटकी फोड़ लीला में लूटा माखन-मिश्री
मंदिर सेवायतों के साथ देवांश शर्मा ने किया बाल विग्रह अभिषेक, गाये बधाई गीत
वृन्दावन । ठा श्री प्रियाकान्तजु मंदिर पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। भक्तों ने मंदिर परिसर में दीप जलाकर बालकृष्ण की अगवानी की। आधी रात को कन्हैया के जन्म पर आतिशबाजी चलाई गई। मंदिर गर्भ गृह में बाल व्यास देवांश शर्मा एवं मंदिर सेवायतों ने पंचामृत से बालविग्रह का अभिषेक किया । मटकी फोड़ लीला में श्रद्धालुओं ने माखन-मिश्री लूटी। देर रात तक भक्त भजनों पर झूमकर नंदोत्सव मनाते रहे।
वहीं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर आयोजित भजन संध्या में श्रद्धालुओं ने जगत के तारणहार की मीठी मनुहार से अपनी भक्ति प्रदर्शित की। प्रियाकान्तजु को सुन्दर श्वेत पोशाक धारण करायी गयी तथा स्वर्ण मुकुट और सोने की बंशी में प्रियाकान्तजु भगवान ने भक्तों को दर्शन दिये।
मंदिर संस्थापक देवकींनदन महाराज के सुपुत्र देवांश शर्मा ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में भक्तों को कृष्ण भक्ति प्रसंग सुनाये। कान्हा के जन्म से पूर्व बाल व्यास देवांश महाराज के साथ अन्य भजन गायकों ने ब्रज भक्ति गीतगाकर श्रद्धालुओं को नृत्य करने पर विवश कर दिया। मध्य रात्रि 12 बजे घंटे-घड़ियालों बजाकर कन्हैया के जन्म का उद्घोष किया गया । श्रद्धालु भक्तों ने हजारों दीप जलाकर पूरे मंदिर प्रांगण को सजा दिया । मंदिर सेवायतों ने दूध-दही, शहद, घृत आदि से बाल विग्रह का अभिषेक कर आरती उतारी ।
मंदिर के बाहर भक्तों ने जमकर आतिशबाजी चलाकर कन्हैया के जन्म की खुशियां मनायीं । इसके पश्चात मंदिर में बधायी गीत गाकर नंदोत्सव मनाया। मंदिर परिसर में मटकी फोड़ लीला की गयी। कृष्ण स्वरूप ने भक्तों पर खूब माखन-मिश्री लुटाया।
इस अवसर पर आचार्य श्यामसुन्दर शर्मा, मंदिर सेवायत दिनेश शर्मा , राहुल मिश्रा, परसोति शर्मा, योगेश कुमार शर्मा, गोविन्दा शर्मा, संदीप शर्मा, जगदीश वर्मा, विष्णु शर्मा, अजय दुबे आदि शामिल रहे।

