

जीएल बजाज के नवागंतुक एमबीए छात्र-छात्राओं को दी अनुशासन की सीख इंडो-श्रीलंका चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन ने साझा किए अनुभव मथुरा। जीएल बजाज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, मथुरा में नए शैक्षणिक सत्र के तहत एमबीए छात्र-छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम दीक्षारम्भ 2026 का शानदार आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, कॉर्पोरेट जगत की मांगों और कॉलेज के नियमों से परिचित कराना था। ओरिएंटेशन प्रोग्राम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि इंडो-श्रीलंका चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन डॉ. नरेश बाना, संस्थान की निदेशक प्रो. (डॉ.) नीता अवस्थी, विभागाध्यक्ष एमबीए डॉ. शशि शेखर गौतम ने मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि डॉ. नरेश बाना ने मार्गदर्शन करते हुए छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि वे अपने किताबी ज्ञान को यदि प्रैक्टिकल कॉर्पोरेट स्किल्स में बदलने में सफल हुए तो उन्हें शीर्ष कम्पनियों में शानदार प्लेसमेंट से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व, सोच एवं नेतृत्व क्षमता के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। डॉ. बाना ने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने, अनुशासन बनाए रखने और अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया।
संस्थान की निदेशक प्रो. नीता अवस्थी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें संस्थान की शैक्षणिक परम्पराओं, अनुशासन, उपलब्ध सुविधाओं एवं विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर मेहनत, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करने तथा तकनीकी ज्ञान के साथ व्यवहारिक कौशल विकसित करने का संदेश दिया।
दीक्षारम्भ कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न विभागों, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, तकनीकी सुविधाओं, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों एवं अन्य विद्यार्थी-केंद्रित गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को संस्थान के विभिन्न प्रमुख स्थलों एवं प्रयोगशालाओं का कैम्पस भ्रमण भी कराया गया, जिससे वे कॉलेज के वातावरण और उपलब्ध संसाधनों से प्रत्यक्ष रूप से परिचित हो सके।
दीक्षारम्भ-2026 में छात्र-छात्राओं ने उत्साह और उमंग के बीच विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक क्षमता की मनमोहक बानगी पेश की। विभागाध्यक्षों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता और टीम-भावना विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत एमबीए विभागाध्यक्ष डॉ. शशि शेखर गौतम ने किया तथा आभार डॉ. तनुश्री गुप्ता ने माना। डॉ. गुप्ता ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, संस्थान प्रबंधन तथा सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों का आभार मानते हुए एंकरों एवं वॉलंटियरों के विशेष सहयोग, समर्पण और अनुशासन की प्रशंसा की।
चित्र कैप्शनः ओरिएंटेशन प्रोग्राम दीक्षारम्भ-2026 का शुभारम्भ करते इंडो-श्रीलंका चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन डॉ. नरेश बाना, अन्य चित्र में अतिथि के साथ एमबीए प्राध्यापक तथा छात्र-छात्राएं।

