
कोसीकलां। पंजाब बॉर्डर पर ड्यूटी के दौरान कादोना गांव निवासी जवान जसवंत सिंह पुत्र शेर सिंह की अचानक अटैक आने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि जसवंत सिंह वर्ष 2000 में सेना में भर्ती हुए थे और वर्तमान में पंजाब बॉर्डर पर ड्यूटी कर रहे थे। रात्रि में ड्यूटी पर तैनात रहने के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और अटैक आने से उनकी मौत हो गई।
जसवंत सिंह के परिवार में पत्नी सुमन तथा दो बेटे मनीष (21 वर्ष) और तनेश (16 वर्ष) हैं। ग्रामीणों के अनुसार शहीद जवान का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव कादोना में किया जाएगा। बीएसएफ के जवान शहीद का पार्थिव शरीर लेकर गांव पहुंचेंगे।
यह जानकारी परिवार के सदस्यों एवं कादोना के प्रधान बृजकिशोर ने दी। जवान की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

