


वृन्दावन। परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्या मंदिर, गौशाला नगर में 25 सितंबर को प्रातः 11 बजे ‘नमामि भारतम्’ वन्दे मातरम सामूहिक गायन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस उपलक्ष्य में परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्या मंदिर के छात्रों द्वारा शनिवार को जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
जनजागरुकता रैली का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक शिवेन्द्र गौतम एवं प्रधानाचार्य विपिन कुमार शर्मा के निर्देशन तथा कार्यक्रम संयोजक अरुण दीक्षित एवं सह-संयोजक अतिन के संयोजन में सम्पन्न हुआ। रैली विद्यालय प्रांगण से वृंदावन शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए विद्यालय में सम्पन्न हुई। जिसमें विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा एवं राष्ट्रभक्ति के संदेशों से सुसज्जित तख्तियां लेकर विद्यार्थियों ने वृन्दावन के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए जनमानस को ‘वन्दे मातरम्’ के महत्व एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
विद्यालय प्रबंधक शिवेंद्र गौतम ने बताया कि भारत के राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा देशभर में व्यापक स्तर पर सामूहिक वंदे मातरम् गायन का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 25 सितंबर को प्रातः 11 बजे विद्यालय परिसर में सामूहिक गायन होगा। उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रव्यापी आयोजन में विद्या भारती के विद्यालयों के साथ-साथ विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर भी एक ही समय में करोड़ों नागरिक सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन करेंगे।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्य बंधु उपस्थित रहे।

