HomeUncategorized25 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर युवक की हत्या, कुएं में...

25 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर युवक की हत्या, कुएं में डुबोकर शव खेत में दफनाया

कोसीकलां। थाना क्षेत्र के गांव बरका में युवक शौकीन की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार करीब 25 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर तीन लोगों ने युवक की हत्या की साजिश रची थी। शराब पिलाने के बाद शौकीन को कुएं में डुबोकर उसकी हत्या कर दी गई और बाद में शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी आशीष की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, शौकीन ने करीब एक वर्ष पहले ओमप्रकाश उर्फ विष्णु से मकान में टाइल लगाने के काम के लिए करीब 25 हजार रुपये लिए थे। काम नहीं करने और रुपये वापस नहीं करने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते ओमप्रकाश ने अपने भाई लक्ष्मण और साथी आशीष के साथ मिलकर शौकीन की हत्या की योजना बनाई।
आरोप है कि तीन अक्टूबर की रात ओमप्रकाश ने शौकीन को फोन कर गोपालबाग बुलाया। वहां से आशीष और लक्ष्मण उसे मोटरसाइकिल से जग्गो के कुएं पर ले गए, जहां ओमप्रकाश पहले से मौजूद था। तीनों ने शराब पी और शौकीन को भी शराब पिलाई। नशे की हालत में उसे कुएं में नहाने के बहाने नीचे बुलाया गया। पुलिस के अनुसार, कुएं में तीनों ने शौकीन के साथ मारपीट की और पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। उसका मोबाइल भी कुएं में फेंक दिया गया।
अगले दिन शौकीन के परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। पकड़े जाने के डर से तीनों आरोपियों ने कुएं से शव बाहर निकाला और बांसा की ओर जाने वाली कच्ची चकरोड के पास खेत में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। पुलिस के अनुसार, शव को जल्दी गलाने के लिए उसके ऊपर नमक भी डाला गया।
8 अक्टूबर की रात पुलिस ने ग्राम बरका से कोसी-शाहपुर रोड की ओर जाने वाले रास्ते से आरोपी आशीष को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस खेत में पहुंची। पीपल के पेड़ से करीब 70 कदम अंदर पराली के नीचे ताजी खुदी मिट्टी मिली। मिट्टी हटाने पर करीब तीन फीट नीचे एक पुरुष का शव बरामद हुआ। मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने शव की पहचान शौकीन पुत्र जग्गो निवासी बरका के रूप में की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जबकि हत्या में शामिल बताए जा रहे ओमप्रकाश उर्फ विष्णु और लक्ष्मण की तलाश में पुलिस जुटी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments