
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर छाता तहसील की प्रभारी नियुक्त होने के बाद राजस्थान महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष अंजू सैनी रविवार को कोसीकलां पहुंचीं। यहां उन्होंने नगर की वाल्मीकि बस्ती में पहुंचकर महिलाओं से संवाद किया और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के हित में चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष सीमा रानी सहित महिला मोर्चा की कई पदाधिकारी मौजूद रहीं। अंजू सैनी ने वाल्मीकि बस्ती की महिलाओं से बातचीत करते हुए सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही महिलाओं को सरकार की ओर से संचालित योजनाओं और उनके लाभ के बारे में विस्तार से बताया।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को लाभ मिल रहा है। उन्होंने महिलाओं से योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।

