
वृंदावन। हनुमान प्रसाद धानुका सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की छात्राओं ने प्रान्तीय बौद्धिक प्रतियोगिता एवं क्षेत्रीय गणित मेले में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। सुरेश देवी हेमचन्द त्यागी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, गंगानगर, मेरठ में आयोजित क्षेत्रीय गणित मेले में भी विद्यालय की छात्राओं ने सफलता प्राप्त की।
पत्रवाचन प्रतियोगिता के तरुण वर्ग में खुशी गुप्ता एवं बाल वर्ग में दीक्षा ओझा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि किशोर वर्ग में ओजस्वी द्वितीय स्थान पर रहीं। मॉडल प्रतियोगिता के बाल वर्ग में युविका एवं टीना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। किशोर वर्ग में सृष्टि ने द्वितीय तथा श्रुति ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।ललता प्रसाद सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, बुलन्दशहर में आयोजित प्रान्तीय बौद्धिक प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने अन्त्याक्षरी, कथा-कथन, प्रश्नमंच, गीत, मूर्तिकला, स्वरचित कविता, तात्कालिक भाषण, एकल अभिनय एवं लोकनृत्य सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभाग किया। प्रश्नमंच प्रतियोगिता में आकृति, गौरी एवं चेष्टा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि एकल अभिनय में अंशिका कौशिक प्रथम रहीं।
अन्त्याक्षरी में आंचल, ब्रज किशोरी एवं कृष्णा रानी पात्रा, कथा-कथन में पावनी अग्रवाल, गीत में प्रिया शर्मा एवं माधुरी शर्मा, स्वरचित कविता में प्रियदर्शनी एवं गौरी तथा तात्कालिक भाषण में आस्था सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रश्नमंच के किशोर वर्ग में माधवी, रिया गोयल एवं श्रद्धा मिश्रा तथा तरुण वर्ग में वाहिनी, रिचा एवं तनुष्का ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लोकनृत्य प्रतियोगिता में सिद्धि, मोनिका, ब्रजलता, दीपिका, आशीष, सलोनी, शुभांगी, जयंती, वैष्णवी, चंचल, पावनी, चित्रांशी, वैष्णवी शर्मा, मदालसा, सुहानी एवं सोनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रथम स्थान प्राप्त छात्राएं अखिल भारतीय स्तर पर प्रतिभागिता करेंगी।
छात्राओं की इन उपलब्धियों पर विद्यालय प्रबंध समिति से राजकुमारी धानुका, रेखा माहेश्वरी, पद्मनाभ गोस्वामी, विश्वनाथ अग्रवाल, उमेश चंद्र शर्मा, कमल खंडेलवाल तथा प्रधानाचार्य रजनी गुप्ता ने हर्ष व्यक्त करते हुए छात्राओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

