

- नगर के 42 बूथों पर तैनात किए गए बी एल ओ 24 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान
कोसीकलां। शनिवार को एडीएम वित्त एवं राजस्व पंकज कुमार, एडीएम नंदकिशोर और उपजिलाधिकारी अखिलेश कुमार ने नगर के मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विधानसभा चुनाव को लेकर एसआईआर फॉर्म भरने, नए वोट बनवाने और मतदाता सूची में संशोधन के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. संजय कुमार, पालिकाध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल और लेखाधिकारी योगेंद्र शर्मा मौजूद रहे। अधिकारियों ने बूथों पर तैनात कर्मचारियों से अधिक से अधिक पात्र लोगों के वोट बनवाने और मतदाता सूची में त्रुटियों को समय से ठीक कराने को कहा। साथ ही मतदेय स्थलों पर साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि 17 अक्टूबर को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत नगर के 42 बूथों पर अधिकारी और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। यह अभियान 24 अक्टूबर तक जारी रहेगा, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और संशोधन का कार्य समय से पूरा हो सके।
इसके बाद अधिकारियों ने भरत मिलाप मेले को लेकर नगरपालिका की ओर से कराए गए विकास कार्यों और व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गईं। अधिशासी अधिकारी डॉ. संजय कुमार और लेखाधिकारी योगेंद्र शर्मा ने अधिकारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने का आश्वासन दिया।

