




मथुरा। अमर नाथ विद्या आश्रम के खेल मैदान पर आयोजित इण्टर हाउस फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन अत्यंत रोमांचक और उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन सब जूनियर, जूनियर और सीनियर के खिताबी मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, तालमेल और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में विजेता टीमों को चमचमाती ट्रॉफी प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर बालिकाओं के मध्य भी इण्टर हाउस रस्साकसी प्रतियोगिता आयोजित हुई ।विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील तिवारी ने बताया कि फुटबॉल व रस्साकसी प्रतियोगिता में भाग लेने लेने वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुये कहा कि खेल न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि विद्यार्थियों में टीम वर्क, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन जैसे जीवन मूल्यों का भी विकास करते हैं।विद्यालय के कोर्डिनेटर शुभम वाजपेयी ने बताया कि सब जूनियर वर्ग का खिताबी मुकाबला भगत सिंह हाउस और श्रीअरविन्द हाउस की टीमों के बीच खेला गया। जिसे भगत सिंह हाउस ने 1-0 से जीता । नन्हे खिलाड़ियों की फुर्ती और पासिंग स्किल्स ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं जूनियर वर्ग के फाइनल में भगत सिंह हाउस और सुभाष चन्द्र बोस हाउस की अंत तक 0-0 की बराबरी पर रहीं। पेनल्टी शूटआउट में सुभाष चन्द्र बोस हाउस ने भगत सिंह हाउस से 3-1 से जीता । दोनों टीमों के बीच अंत तक रोमांचक टक्कर देखने को मिली।सीनियर वर्ग में टूर्नामेंट के फाईनल मैच का सबसे बड़ा और रोमांचक मुकाबला स्वामी विवेकानन्द हाउस और सुभाष चन्द्र बोस हाउस के मध्य खेला गया। अनुभवी खिलाड़ियों के शानदार बचाव और आक्रामक खेल ने मैदान का माहौल जोश से भर दिया। जिसे विवेकानन्द हाउस के खिलाड़ियों ने सुभाष चन्द्र बोस हाउस के खिलाड़ियों से 2-1 से जीता । पूर्व में लीग मैच भी काफी संघर्षपूर्ण रहे । फुटबॉल टूर्नामेन्ट के फाईनल मुकाबलों के तीनों वर्गों में कांटे का मुकाबला देखने को मिला । टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले बेहद संघर्षपूर्ण रहे, जहाँ हर एक गोल के लिए खिलाड़ियों ने अपना पूरा दमखम लगा दिया ।विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी सुयश वाजपेयी ने बताया कि रस्साकसी (टग ऑफ वॉर) के फाईनल में भगत सिंह हाउस की जूनियर वर्ग की छात्राओं ने श्रीअरविन्द हाउस की छात्राओं को पराजित किया । रस्साकसी (टग ऑफ वॉर) सीनियर वर्ग के फाईनल में श्रीअरविन्द हाउस की छात्राओं ने सुभाष चन्द्र बोस की छात्राओं को पराजित किया । इस दौरान पूरे विद्यालय परिसर में जोश और उत्साह का माहौल रहा। चारों ही हाउस के विद्यार्थियों ने तालियों और नारों के साथ अपनी-अपनी टीमों का जमकर हौसला बढ़ाया। मैदान पर खिलाड़ियों का अनुशासन और उत्साह देखते ही बन रहा था।
विद्यालय के शिक्षकों ने सभी खिलाड़ियों और विजेता टीमों को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। फाइनल मुकाबलों में मैच रैफरी की महत्वपूर्ण भूमिका महेन्द्र सिंह राजपूत और देवेन्द्र कुमार ने पूरी निष्पक्षता और दक्षता के साथ निभाई।

