
कलयुग में जहां अक्सर रिश्तों में दूरियां और बुजुर्ग माता-पिता की अनदेखी की खबरें सामने आती हैं, वहीं मथुरा वृंदावन की धार्मिक धरती पर मातृभक्ति की एक ऐसी अनूठी तस्वीर देखने को मिली, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया। देवोत्थान एकादशी पर एक बेटा और दो नाती अपनी करीब 100 वर्षीय वृद्ध मां और दादी को सिर पर बैठाकर मथुरा वृंदावन की परिक्रमा करा रहे हैं। इस अनूठे दृश्य को देखकर लोग उन्हें कलयुग का श्रवण कुमार कहकर संबोधित कर रहे हैं।आपको बताते चलें कि छाता तहसील क्षेत्र के गांव कामर निवासी करीब 100 वर्षीय वृद्ध माता नथिया की इच्छा थी कि वह अपने जीवनकाल में मथुरा-वृंदावन की परिक्रमा करें। उम्र अधिक होने और चलने-फिरने में असमर्थता के चलते उनकी यह इच्छा पूरी होना आसान नहीं था। लेकिन मां की इच्छा को बेटे प्रेमचंद्र बेनीवाल ने अपना संकल्प बना लिया। उन्होंने अपनी पत्नी बृजवाला और बेटों के साथ मिलकर मां को परिक्रमा कराने का निश्चय किया।

