
देवोत्थान एकादशी पर वृंदावन में अटल्ला चुंगी स्थित प्रेम निवास में चंद्र आनंद निकुंज बिहारी सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट एवं आनंद उत्सव भक्त परिकर के संयुक्त तत्वावधान में सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में 31 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ सात फेरे लेकर एक-दूसरे का जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया और दांपत्य सूत्र में बंध गए।आयोजक एवं ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के सेवायत डॉ. ज्ञानेंद्र किशोर गोस्वामी ने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह में मथुरा-वृंदावन के अलावा आगरा, अलीगढ़, हाथरस समेत अन्य जनपदों से 31 जोड़ों ने सहभागिता की। सभी जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। इस दौरान विवाह समारोह में धार्मिक परंपराओं के अनुरूप विभिन्न रस्में निभाई गईं और नवदंपतियों को आशीर्वाद प्रदान किया गया।

