HomeUncategorizedशादी समारोह से लौट रहे परिवार पर टूटा कहर, स्कॉर्पियो ने पति-पत्नी...

शादी समारोह से लौट रहे परिवार पर टूटा कहर, स्कॉर्पियो ने पति-पत्नी और जवान बेटे को कुचला, तीनों की मौत से गांव में मचा कोहराम

कोसीकलां। थाना कोसीकलां क्षेत्र के गांव दहगांव निवासी एक परिवार की शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी और उनके जवान बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। तीन दिन पहले रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गए परिवार के तीनों सदस्यों को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 55 वर्षीय हरलाल, उनकी 50 वर्षीय पत्नी गुड्डो और 21 वर्षीय बेटे तेजवीर की मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार गांव दहगांव निवासी हरलाल अपनी पत्नी गुड्डो और बेटे तेजवीर के साथ तीन दिन पहले गाजियाबाद के बागू निवासी रिश्तेदार नरेश कुमार के यहां उनकी बेटी प्रियंका की शादी में शामिल होने गए थे। 21 नवंबर को शादी समारोह संपन्न होने के बाद सोमवार को तीनों को पलवल जाना था। इसके लिए वे ईएमयू ट्रेन पकड़ने के उद्देश्य से रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकले थे।सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे बागू के पास एचपी पेट्रोल पंप के सामने रेलवे स्टेशन जाने के दौरान तीनों दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पार कर रहे थे। इसी दौरान मेरठ से दिल्ली की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीनों को अपनी चपेट में लेते हुए जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।गांव के प्रधान कुंपी पहलवान ने बताया कि हरलाल मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह मेहनत-मजदूरी कर अपने बच्चों का पेट पाल रहा था। जिस परिवार में तीन दिन पहले शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां हादसे की खबर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। वहीं गांव दहगांव में भी एक साथ परिवार के तीन सदस्यों की मौत से हर कोई स्तब्ध है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments