


वृंदावन। मथुरा मार्ग स्थित वृंदावन पब्लिक स्कूल द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं मनोरंजन के उद्देश्य से दिल्ली के एक दिवसीय विशेष भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण में कक्षा 5वीं से 10वीं तक के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने दिल्ली स्थित वेस्ट टू वंडर पार्क, डायनासोर पार्क एवं बंसेरा पार्क का भ्रमण किया। वेस्ट टू वंडर पार्क में बच्चों ने कबाड़ एवं अनुपयोगी वस्तुओं से निर्मित विश्व प्रसिद्ध स्मारकों और आकर्षक कलाकृतियों को देखा। इन कलाकृतियों ने विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर दिया कि किस प्रकार बेकार समझी जाने वाली वस्तुओं का रचनात्मक उपयोग करके सुंदर एवं उपयोगी चीजें बनाई जा सकती हैं। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का भी आनंद लिया। बच्चों ने ट्रेन राइड, बॉल राइड, मिकी माउस जंप एवं अन्य रोमांचक खेलों का आनंद लिया। पूरे भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह, उमंग और खुशी का माहौल देखने को मिला। इस ट्रिप का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के पारंपरिक वातावरण से बाहर निकालकर मनोरंजन, रचनात्मकता और नए अनुभवों से जोड़ना था। साथ ही बच्चों को Best Out of Waste की अवधारणा से परिचित कराना तथा उनमें पर्यावरण संरक्षण, पुनर्चक्रण और संसाधनों के सदुपयोग के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना भी इसका एक महत्वपूर्ण उद्देश्य रहा।विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होती, बल्कि ऐसे अनुभवात्मक अवसर भी बच्चों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, सामाजिक सहभागिता और रचनात्मक सोच को मजबूत बनाते हैं।यह भ्रमण सभी विद्यार्थियों के लिए अत्यंत आनंददायक, उत्साहपूर्ण और यादगार अनुभव रहा। इस अवसर पर हेमलता वर्मा, शिवानी वर्मा, दिशी गोस्वामी एवं गजब सिंह आदि मौजूद रहे।

