
वृंदावन शोध संस्थान के 59 वें स्थापना दिवस समारोह का 24 नवम्बर मंगलवार को श्रीगोपाल सहस्रनाम एवं सुंदरकाण्ड पाठ, डॉ. रामदास गुप्त की मूर्ति पर माल्यार्पण, महामंत्र संकीर्तन, श्री चैतन्य महाप्रभु का विश्व संस्कृति में योगदान विषय पर परिचर्चा ईवी प्रदर्शनी का लोकार्पण किया गया।परिचर्चा में आचार्य श्रीवत्स गोस्वामी ने कहा कि श्रीमन् महाप्रभु चैतन्य द्वारा 1515 ईस्वी में किए गए लुप्त वृन्दावन के प्राकट्य को वैष्णव आचार्यों, इतिहासकारों और भक्ति साहित्य के विद्वानों ने भारतीय आध्यात्मिक जगत की एक युगांतकारी घटना माना है। सूरदास ब्रजभाषा अकादमी के निदेशक डाॅ केशवदेव शर्मा ने बताया कि समय के प्रवाह में श्रीकृष्ण के लीलास्थल लुप्त हो गए थे। चूंकि चैतन्य महाप्रभु स्वयं कृष्ण के अवतार थे, इसलिए उन्होंने अपनी अंतर्दृष्टि और भावावेश से इन स्थलों को पुनः विश्व के समक्ष प्रकट किया।डॉ. चन्द्रप्रकाश शर्मा, आचार्य अच्युतलाल भट्ट, जे0एन0यू0 के प्रो प्रबलराय चौधरी आदि ने विचार व्यक्त किए।इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा डाॅ रामदास गुप्त की मूर्ति, चैतन्य महाप्रभु एवं निम्बार्काचार्य प्रभु के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। साथ ही प्रदर्शनी का लोकार्पण किया गया। संस्थान के निदेशक डाॅ राजीव द्विवेदी ने अतिथियों का स्वागत किया। संस्थान के अध्यक्ष आर डी पालीवाल ने आभार जताया। संचालन एवं संयोजन डाॅ राजेश शर्मा ने किया।

