

मथुरा। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से केडी विश्वविद्यालय के चिकित्सा शिक्षा संस्थान केडी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेंटर के छात्र-छात्राओं ने शनिवार को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा का प्रभावशाली संदेश दिया। विद्यार्थियों ने अपने सशक्त अभिनय और प्रभावशाली संवादों से लोगों को समझाया कि सड़क पर बरती गई थोड़ी-सी लापरवाही न केवल स्वयं, बल्कि दूसरों की जिंदगी को भी खतरे में डाल सकती है।सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने तथा यातायात संकेतों का सम्मान करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों को रोचक और प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी नियमों का विषय नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है।केडी मेडिकल कॉलेज के सामुदायिक चिकित्सा विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग गतिविधियों और कार्यक्रमों का आयोजन कर आमजन को जागरूक किया गया। विभाग की इस अभिनव पहल का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों, उनसे होने वाले नुकसान और बचाव के उपायों की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना रहा। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और प्रभावशाली प्रस्तुतियों से यह भी संदेश दिया कि यातायात नियमों का पालन किसी मजबूरी में नहीं, बल्कि अपने और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के संकल्प के साथ किया जाना चाहिए।संस्थान के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि चिकित्सा शिक्षा का उद्देश्य केवल रोगों का उपचार करना ही नहीं, बल्कि समाज को स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक बनाने में सक्रिय भूमिका निभाना भी है। उन्होंने कहा कि केडी मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर इस तरह की पहल करना सराहनीय है। सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर जागरूकता फैलाकर विद्यार्थियों ने चिकित्सा शिक्षा के सामाजिक दायित्व को भी सार्थक किया है।विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित करने से पूर्व चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रम शर्मा, शिशु शल्य विशेषज्ञ डॉ. श्याम बिहारी शर्मा तथा सामुदायिक चिकित्सा विभाग की विभागाध्यक्ष एवं उप-प्राचार्या डॉ. गगनदीप कौर और डॉ. अमनजोत कौर चौहान ने भी अपने सम्बोधनों में सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों का पालन करके अनेक सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली गंभीर चोटों से बचा जा सकता है। सभी ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा समाज के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कुलपति डॉ. मनेष लाहोरी, प्रो-कुलपति डॉ. गौरव सिंह, डीन एवं प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रम शर्मा, उप-चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुण सिसोदिया, कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अम्बरीश कुमार, डॉ. शिप्रा त्रिपाठी, डॉ. अभी भूषण मिश्रा सहित सभी विभागाध्यक्षों ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाले ऐसे आयोजनों को समय की आवश्यकता बताते हुए सामुदायिक चिकित्सा विभाग के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. निखिल थोराट ने किया।

