Sunday, May 19, 2024
Homeन्यूज़न्यूज़मथुरा जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाया देश का महापर्व गणतंत्र दिवस

मथुरा जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाया देश का महापर्व गणतंत्र दिवस

मथुरा। मथुरा जनपद में राष्ट्रीय पर्व 72वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रिजर्व पुलिस लाइंस में प्रदेश केबीनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने ध्वजारोहण किया। वहीं जिला न्यायालय, जिला मुख्यालय, नगर निगम कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। स्कूलों, कॉलेजों और विभिन्न संस्थाओं में भी गणतंत्र दिवस पूर्ण जोश के साथ मनाया।

जिला जज ने दिलाई संविधान के प्रति सच्ची निष्ठा रखने की शपथ

मथुरा न्यायालय परिसर में 72 वें गणतंत्र दिवस पर जनपद न्यायाधीश जसवंत कुमार मिश्रा ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों की शुरुआत राष्ट्रगान से की गई।
गणतंत्र दिवस के मौके पर जनपद न्यायाधीश ने उपस्थित सभी जनों को अपने संविधान के प्रति सच्ची निष्ठा बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस मौके पर जनपद न्यायालय के सभी जुडिशल मजिस्ट्रेट मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कलक्ट्रेट पर जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण

जिला मुख्यालय (कलेक्ट्रेट) पर गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने ध्वजारोहण किया। गणतंत्र दिवस के मौके पर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने संविधान के प्रति सच्ची निष्ठा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने कलेक्ट्रेट परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। डीएम ने कहा कि हम सभी को अपने अधिकारों और संविधान के प्रति सच्ची निष्ठा बनाए रखना और सदैव अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। उन्होंने महान पुरुषों के व्यक्तित्व पर भी प्रकाश डाला।

गणतंत्र दिवस पर देश हित में कार्य करने की शपथ दिलाई

मथुरा वृंदावन नगर निगम के मथुरा कार्यालय में गणतंत्र दिवस पर महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु और नगर आयुक्त रविंद्र कुमार द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात महापौर डॉ मुकेश आर्य बंधु ने निगम के समस्त कर्मचारी एवं पार्षद गणों को देश हित में कार्य करने की शपथ दिलाई।
इस मौके पर नगर निगम के अधिकारी, पार्षद एवं सैकड़ों की संख्या में निगम के कर्मचारी मौजूद रहे ।

अपर नगर आयुक्त ने किया ध्वजारोहण, राष्ट्रपिता को किया याद

वृंदावन। नगर निगम के वृंदावन कार्यालय के मुख्य गेट पर 72 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपर नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार तिवारी एवं उपसभापति राधाकृष्ण पाठक द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज की बालिकाओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। इसके पश्चात सरस्वती वंदना की गई।

एनसीसी कैडिट द्वारा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। इसके साथ ही देश के अमर शहीदों को भी याद किया गया। वहीं गांधी पार्क स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी अपर नगर आयुक्त एवं पार्षद राधाकृष्ण पाठक सहित अन्य गणमान्य लोगों ने माल्यार्पण किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओें ने निकाली प्रभातफेरी

नगर कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार प्रात: नगर में प्रभात फेरी निकाली। नगर भ्रमण के पश्चात आजाद मैदान गोविंद देव मंदिर पर प्रभात फेरी सम्पन्न हो जाने के बाद नगर अध्यक्ष नूतन बिहारी पारीक ने ध्वजारोहण किया।

बार एसोसिएशन ने 72वां गणतंत्र दिवस मनाया

मथुरा न्यायालय परिसर में स्थित कन्हैया लाल हॉल में मथुरा बार एसोसिएशन द्वारा भी गणतंत्र दिवस पर जनपद न्यायाधीश जसवंत कुमार मिश्रा और बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। जिला जज यहां कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे।


कार्यक्रम में अधिवक्ताओं के अतिरिक्त जुडिशल मजिस्ट्रेट भी मुख्य रूप से मौजूद रहे। जनपद न्यायाधीश जसवंत कुमार मिश्रा ने संबोधित करते हुए अपने संविधान के प्रति सच्ची निष्ठा बनाए रखने और अपने अधिकारों का पालन करने के लिए सभी को जागरूकता का संदेश दिया। अपर जिला जज पोस्को हरवेंद्र सिंह और बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए।

जिला अस्पताल में हुआ ध्वजारोहण

मथुरा के महर्षि दयानंद सरस्वती जिला अस्पताल में गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि नवागत बरेली मानसिक विभाग के निदेशक और पूर्व में सीएमएस रहे डॉ आर एस मौर्या एवं सीएमएस डॉ मुकुंद बंसल द्वारा ध्वजारोहण किया गया। सीएमएस द्वारा स्वास्थ्य विभाग के समस्त कर्मचारी एवं स्टाफ को देश हित में स्वास्थ्य सेवाएं देने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर अस्पताल के डॉक्टर, स्टाफ नर्स एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कोसीकलां नगर पालिका में पालिकाध्यक्ष ने किया ध्वजारोहण

कोसीकलां। नगर पालिका परिषद में पालिकाध्यक्ष नरेंद्र कुमार ने ध्वजारोहण किया गया। कार्यवाहक अधिकारी योगेंद्र शर्मा ने पालिकाध्यक्ष नरेंद्र कुमार का माला पहनाकर स्वागत किया। गणतंत्र दिवस के आयोजन पर अधिशासी अधिकारी पूर्णिमा दुबे, कार्यवाहक अधिकारी योगेंद शर्मा सहित पालिका के कर्मचारी अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

पालिका अध्यक्ष नरेंद्र कुमार ने कहा कि अपने संविधान के प्रति सच्ची निष्ठा बनाए रखने और अपने अधिकारों का पालन करने के लिए सभी को जागरूकता का संदेश दिया। तत्पश्चात पालिका परिसर में मौजूद शहीद स्मारक पर देश पर मर मिटने वाले शहीदों की याद में माला पहनाकर अमर वीर जवानों को याद किया। इस मौके पर लोगों मे देश के प्रति और गणतंत्र दिवस को लेकर उत्साह दिखाई दिया।

पुलिस लाइन्स में हुआ मार्च पास्ट, केबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने ली सलामी

मथुरा के पुलिस लाइन्स स्थित परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने ध्वजारोहण किया। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने भारतीय संविधान के प्रति पूरी निष्ठा बनाए रखने के लिए उपस्थित पुलिस महकमे के अधिकारियों और कर्मियों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम की शुरुआत में शांति संदेश के लिए सफेद कबूतर उड़ाए। उसके बाद कैबिनेट मंत्री ने परेड सलामी ली। मथुरा पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में स्कूली छात्रों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस मौके पर छात्रों ने विभिन्न मनोहारी प्रस्तुतियां देकर सभी के मन को मंत्रमुग्ध कर दिया।

परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश जसवंत कुमार मिश्रा, जिला अधिकारी नवनीत सिंह चहल, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर की अतिरिक्त जनपद के सभी प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

एनके गु्रप ने मनाया 72वां गणतंत्र दिवस

वृंदावन स्थित संस्कार सिटी में एनके गु्रप द्वारा देश का 72वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ ध्वजा रोहण कर मनाया गया। गु्रप के निदेशक एवं जीएलए विश्वविद्यालय के चीफ फाइनेंस ऑफीसर विवेक अग्रवाल ने ध्वजा रोहण किया।

उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस का दिन हम सभी देशवासियों क लिए महापर्व का दिन है। इस पर्व पर हमारा सर भी गर्व से ऊंचा हो जाता है। इस पर्व पर हमें अपने देश के वास्तविक अर्थ, स्थिति, प्रतिष्ठा और सबसे जरूरी मानवता की संस्कृति को संरक्षित करने के लिए प्रतिज्ञा करनी चाहिए।

इस अवसर पर मेघा रावत, हरेन्द्र पाल, सौरभ, जितेन्द्र, रामेश्वर, सर्वेश एवं समस्त एनके गु्रप परिवार मौजूद रहा।

मुस्लिम समाज के लोगों ने मनाया गणतंत्र दिवस

ग्रामीण क्षेत्रों में मुस्लिम समाज के लोगों ने भी गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया। गोवर्धन के पुरा गांव में गणतंत्र दिवस पर सिंचाई बंधु उपाध्यक्ष सुधीर रावत द्वारा ध्वजारोहण किया गया। गांववासियों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। वहीं महिलाएं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments