

वृंदावन। विश्व पर्यावरण दिवस पर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा संचालित गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी में रासलीला प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बालक-बालिकाओं ने पर्यावरण संरक्षण विषय पर आधारित संगीतबद्ध गीत प्रस्तुत किया।
संस्थान के कोऑर्डिनेटर चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार ने प्रशिक्षणार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
बालक-बालिकाओं ने सामूहिक स्वर में गीत धरती माँ पुकार रही, आओ मिलकर वृक्ष लगाएँ… की प्रस्तुति दी।
गीता शोध संस्थान के निदेशक दिनेश खन्ना, डा. उमेश चंद्र शर्मा एवं चंद्रप्रताप सिंह सिकरवार ने बच्चों को परिषद द्वारा ब्रज क्षेत्र में कृष्ण-युगीन पौधों के रोपण एवं हरियाली संवर्धन हेतु चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने सभी बच्चों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
वहीं पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर प्रभारी मंत्री संदीप सिंह ने शोध संस्थान परिसर में पाखंड का पौधा रोप कर पौधारोपण अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद की सीईओ लक्ष्मी नागप्पन, एसएसपी श्लोक कुमार, विधायक पूरन प्रकाश, राजेश चौधरी, मेघश्याम सिंह तथा नगर महापौर विनोद अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

