HomeUncategorizedसंस्कृति विवि के सेमिनार हाल में डिजिटल स्क्रीन पर प्रधानमंत्री की राष्ट्रव्यापी...

संस्कृति विवि के सेमिनार हाल में डिजिटल स्क्रीन पर प्रधानमंत्री की राष्ट्रव्यापी वीडियो कान्फ्रेंस को सुनते संस्कृति विवि के विद्यार्थी।

संस्कृति विवि के सेमिनार हाल में डिजिटल स्क्रीन पर प्रधानमंत्री की राष्ट्रव्यापी वीडियो कान्फ्रेंस को सुनते संस्कृति विवि के विद्यार्थी।

संस्कृति विवि के विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री के आह्वान पर लिया नशामुक्त रहने का संकल्प
मथुरा। संस्कृति विश्वविद्यालय के सेमिनार हाल में ‘नशा मुक्त युवा फार विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने राष्ट्रव्यापी वीडियो कार्न्फ्रेंस में देश के युवाओं को संबोधित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभाषण को गंभीरता से सुना। प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि देश के भविष्य और आपके अपने जीवन के लिए, व्यसन से मुक्त रहना अत्यंत आवश्यक है। उनके इस आह्वान पर संस्कृति विवि के विद्यार्थियों ने एकमत से नशामुक्त रहने का संकल्प लिया।
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा, ‘‘आज हम सभी देशवासी एक महान और महत्वपूर्ण संकल्प के लिए एकजुट हुए हैं। यह अभियान केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य तक ही सीमित नहीं है, बल्कि परिवारों, समाज और पूरे राष्ट्र के व्यापक हितों की भी पूर्ति करता है। ‘नशामुक्त भारत संकल्प अभियान’ के मूल उद्देश्य को रेखांकित करते हुए उन्होंने इस बात पर बल दिया कि विकसित भारत को प्राप्त करने के लिए शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त और आत्मविश्वास से भरपूर युवा पीढ़ी का होना अनिवार्य है, जो आत्म-विनाशकारी आदतों से पूरी तरह मुक्त हो। आज जब राष्ट्र ने विकसित भारत का लक्ष्य निर्धारित किया है, तो यह आवश्यक है कि देश के युवा शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहें, आत्मविश्वास से परिपूर्ण हों और नशीले पदार्थों जैसी विनाशकारी आदतों से हमेशा के लिए दूर रहें। यह पहल पिछले वर्ष काशी की पवित्र भूमि से एक प्रायोगिक परियोजना के रूप में शुरू हुई थी। काशी घोषणा के तहत 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठनों और कई गैर सरकारी संगठनों के समर्थन से, कल्याणकारी यह विचार अब सफलतापूर्वक एक राष्ट्रीय परियोजना बन गया है।
नशा-विरोधी शपथ लेने वाले लाखों युवाओं की सराहना करते हुए, प्रधानमंत्री ने व्यक्तिगत संयम बनाए रखने और स्कूलों, कॉलेजों और समुदायों में नशामुक्त जीवन का संदेश सक्रिय रूप से फैलाने के उनके दृढ़ संकल्प की प्रशंसा की। इस बीच उन्होंने अभियान के महत्वाकांक्षी 100-सप्ताह के रोडमैप की रूपरेखा प्रस्तुत की। छात्रों, राष्ट्रीय सुरक्षा सेवा सदस्यों और ‘माई भारत’ स्वयंसेवकों की विशाल ऑनलाइन सभा को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं द्वारा प्रदर्शित गहन जागरूकता, संवेदनशीलता और गंभीर समर्पण पर अपार गर्व व्यक्त किया। युवा पीढ़ी को भारत की ‘अमृत पीढ़ी’ बताते हुए, उन्होंने उन्हें याद दिलाया कि उनकी ऊर्जा, कल्पनाशीलता और प्रतिभा देश को 2047 के विकास लक्ष्यों की ओर ले जाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। श्री मोदी ने जोर देकर कहा, देश के भविष्य और आपके अपने जीवन के लिए, व्यसन से मुक्त रहना अत्यंत आवश्यक है।
प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि नशीले पदार्थों से मिलने वाला क्षणिक आनंद अंततः उनके करियर और पारिवारिक जीवन के लिए स्थायी पतन का कारण बनता है। भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक नेताओं के गहन ज्ञान, विशेष रूप से श्री गुरु ग्रंथ साहिब की शिक्षाओं का हवाला देते हुए, उन्होंने नशीले पदार्थों के प्रति समाज की ऐतिहासिक अस्वीकृति को उजागर किया। श्री साथ ही कहा कि हमें किसी भी परिस्थिति में नशीले पदार्थों को सामाजिक स्वीकृति नहीं देनी चाहिए। अंत में उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि हमारे युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा बचाएंगे और विकसित भारत के संकल्पों को आगे बढ़ाएंगे।
संस्कृति विवि के विद्यार्थियों ने एकमत से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस आह्वान का समर्थन करते हुए नशामुक्त रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल आयोजन डा. केशचंद्र, वार्डन नेहा, आईटी इंचार्ज सुधांशु श्रीवास्तव, वार्डन रोशनी के कुशल संयोजन में हुआ।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments