
आगामी 6 सितंबर को होने वाली 52 पालों की ऐतिहासिक महापंचायत को लेकर बुधवार को कोसीकला के शनिदेव मंदिर प्रांगण, कोकिलावन में 6 पालों की पंचायत आयोजित हुई। पंचायत की अध्यक्षता चौधरी पदम सिंह बाबू जी ने की, जबकि नेतृत्व चौधरी लक्ष्मीनारायण जी ने किया।
पंचायत में समाज में व्याप्त सामाजिक बुराइयों को दूर करने को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव रखे गए। इनमें दहेज प्रथा पर रोक, डीजे बंद करने, मृत्यु भोज बंद करने और समाज को नशामुक्त बनाने जैसे मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया।
6 पालों की सरदारी ने आगामी 6 सितंबर को होने वाली 52 पालों की महापंचायत में सर्वसम्मति से शामिल होने का निर्णय लिया। साथ ही कहा गया कि महापंचायत में सर्व समाज की सहमति से जो निर्णय लिया जाएगा, उसे सभी मान्य करेंगे। पंचायत के दौरान सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एकजुटता दिखाते हुए समाजहित में ठोस निर्णय लेने का आह्वान किया गया।

