

वृंदावन। परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्या मंदिर के सुदर्शन सभागार में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। छात्रों ने अपने गुरुओं के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए भाषण और कविताओं की प्रस्तुति दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक शिवेन्द्र गौतम एवं प्रधानाचार्य विपिन कुमार शर्मा द्वारा माँ सरस्वती एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया। विद्यालय के प्रधानमंत्री कृष्णा शर्मा, उप प्रधानमंत्री अजय सिंह सिसोदिया एवं अन्य सभी छात्र सांसद द्वारा शिक्षक दिवस के पर विद्यालय के समस्त आचार्यों को पटुका ओढ़ाकर एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
छात्र ऋषभ एवं प्रद्युम्न आढ़य ने शिक्षक दिवस के महत्व एवं गुरु के जीवन में योगदान पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। विद्यालय के हिंदी अध्यापक सुजान सिंह डागुर ने शिक्षक दिवस एवं गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
प्रधानाचार्य विपिन कुमार शर्मा ने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए आत्ममंथन और अपने गुरुओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है। माता पिता हमें जीवन देते हैं लेकिन शिक्षक उस जीवन को सही आकार, दिशा और सार्थकता प्रदान करते हैं। तकनीकि कितनी भी आगे बढ़ जाये और इंटरनेट पर जानकारी का कितना भी भंडार क्यों न हो, लेकिन एक अच्छा शिक्षक जो नैतिक मूल्य, अनुशासन और संवेदनाएँ छात्र के भीतर विकसित कर सकता है उसका कोई विकल्प नहीं है।
कार्यक्रम का संचालन अतिन अग्रवाल एवं सोनू सारस्वत ने किया।

