
कोसीकलां। आर्य समाज कोसीकलां के 88वें वार्षिकोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। वार्षिकोत्सव का आयोजन 22 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक किया जाएगा। कार्यक्रम में आर्य जगत के विश्वविख्यात उपदेशक एवं भजनोपदेशक शामिल होकर अपने विचारों और भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आर्य समाज के सिद्धांतों से अवगत कराएंगे।
इसी क्रम में आर्य समाज कोसीकलां के पदाधिकारियों ने उत्तर प्रदेश आर्य समाज के प्रधान स्वामी स्वदेश जी महाराज से मुलाकात कर उन्हें वार्षिकोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस दौरान समाज के प्रधान डॉ. प्रकाश आर्य, मंत्री सुरेंद्र आर्य, प्रबंधक अजय आर्य तथा सोनू आर्य (पत्रकार) मौजूद रहे।
समाज के प्रधान डॉ. प्रकाश आर्य ने बताया कि इस वर्ष वार्षिकोत्सव को भव्य एवं धूमधाम के साथ आयोजित किया जाएगा। चार दिवसीय कार्यक्रम में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के साथ आर्य समाज के विद्वानों के प्रवचन और भजनोपदेश भी होंगे।
निमंत्रण स्वीकार करते हुए स्वामी स्वदेश जी महाराज ने कहा कि आर्य समाज कोसीकलां सामाजिक कार्यों में हमेशा अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती के विचारों और आर्य समाज के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने वार्षिकोत्सव की सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

