
कोसीकलां। 23 अक्टूबर को होने वाले उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक निर्वाचन को लेकर प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने अधिकारियों के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इसी क्रम में नगरपालिका परिषद परिसर में बनाए जाने वाले दो मतदान बूथों का भी निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने बूथ कक्षों, परिसर की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि मतदान कर्मियों और मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अखिलेश कुमार, तहसीलदार एवं तहसील टीम के साथ नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. संजय कुमार और लेखाधिकारी योगेंद्र शर्मा मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि बूथ कक्षों की रंगाई-पुताई कराकर उन्हें व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाया जाए तथा मतदान प्रक्रिया शासन के निर्धारित नियमों और निर्देशों के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी रखी जाएं।

