
कोसीकलां। थाना क्षेत्र की गोपालबाग पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव बरके में युवक की हत्या कर शव को जंगल में दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान शौकीन पुत्र जग्गू, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है।
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने गांव के जंगल में जमीन में दबे युवक के शव को बरामद किया। बुधवार की देर रात करीब 2 बजे पुलिस ने शव को जमीन से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप उसके तीन दोस्तों पर लगाया है। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम के साथ पूरे जंगल में जांच-पड़ताल की और मौके से साक्ष्य जुटाए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। परिजनों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर उन्हें न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

