
कोसीकलां। आर्य समाज कोसीकलां के 88वें वार्षिकोत्सव के अंतर्गत 25 अक्टूबर को समापन दिवस पर आयोजित होने वाले 21 कुंडीय सुख-समृद्धि महायज्ञ के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण को आमंत्रित किया गया। इस अवसर पर आर्य समाज के पदाधिकारियों ने मंत्री का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया और वार्षिकोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया। समाज के संरक्षक ओमप्रकाश आर्य, प्रधान डॉ. प्रकाश आर्य, मंत्री सुरेंद्र आर्य, कोषाध्यक्ष सत्यप्रकाश आर्य एवं प्रबंधक नरेंद्र आर्य ने कैबिनेट मंत्री से भेंट कर उन्हें कार्यक्रम की जानकारी दी। आर्य समाज का 88वां वार्षिकोत्सव 22 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 25 अक्टूबर तक चलेगा। चार दिवसीय इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन में देश-विदेश के विश्वविख्यात वैदिक उपदेशक और भजनोपदेशक शामिल होंगे। वार्षिकोत्सव के समापन दिवस पर 21 कुंडीय सुख-समृद्धि महायज्ञ का आयोजन विशेष आकर्षण रहेगा।
महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों का होगा प्रचार-प्रसार आर्य समाज की स्थापना महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती ने वर्ष 1875 में की थी। उन्होंने वेदों की ओर लौटने का संदेश देते हुए समाज में व्याप्त अंधविश्वास, कुरीतियों और सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जनजागरण किया। शिक्षा, नारी उत्थान, समानता और वैदिक संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए उनके विचार आज भी समाज को प्रेरित करते हैं। आर्य समाज कोसीकलां का वार्षिकोत्सव भी वैदिक सिद्धांतों, धार्मिक चेतना और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

