Sunday, May 19, 2024
Homeन्यूज़न्यूज़2022 में शुद्ध मिलेगा यमुना जल : योगी आदित्यनाथ

2022 में शुद्ध मिलेगा यमुना जल : योगी आदित्यनाथ


वृंदावन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वृंदावन के संत महंत और धर्माचार्यों को 2021 के आखिर तक शुद्ध यमुना जल का भरोसा दिलाया है। वह यहां यमुना प्रदूषण को लेकर खासे गंभीर दिखे। मुख्यमंत्री दोपहर करीब साढ़े 12 बजे परिक्रमा मार्ग स्थित कृष्ण कृपा धाम में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने संत महंत और धर्माचार्यो से मुलाकात की। संत एवं धर्माचार्यों ने सीएम योगी के सामने एक फिर यमुना प्रदूषण का मुद्दा रखा। इससे पहले वृंदावन आगमन के कार्यक्रम की शुरुआत सीएम योगी ने ठा. बाँकेबिहारी के दर्शन से की।

गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के नेतृत्व में ब्रज के संतों, धर्माचार्य एवं भगवताचार्यों के साथ मुलाकात कर यमुना शुद्धिकरण पर गहन मंथन किया। यहां मलूक पीठाधीश्वर राजेंद्र दास देवाचार्य, गोकुल के पंकज बाबा, भागवताचार्य संजीव कृष्ण ठाकुरजी ने मुख्यमंत्री को ब्रज में यमुना की स्थिति से अवगत कराया। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि ब्रजवासियों यमुना शुद्धिकरण की वर्षों पुरानी मांग को अब पूरा करने का समय आ गया है। यमुना में आज भी गंदे नाले गिर रहे हैं।

यमुना शुद्धिकरण को लेकर लंबे समय से आंदोलन भी चल रहा है। मथुरा-वृंदावन ही एक मात्र तीर्थ ऐसा है, जो यमुना के तट पर है। इस पर मुख्यमंत्री ने संतों को यमुना प्रदूषण मुक्ति की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। संतों को बताया कि यमुना जल्द ही प्रदूषण मुक्त होगी। केन्द्र सरकार भी इस पर गंभीर है। मुख्यमंत्री ने वृंदावन में कुंभ को लेकर भी संतों के साथ चर्चा की।

गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने बताया कि मुख्यमंत्री यमुना शुद्धिकरण को लेकर पूर्ण जागरुक हैं। उन्होंने अधिकारियों को भी यमुना शुद्धिकरण की दिशा में ठोस कार्य करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री यहां करीब 20 मिनट रुकने के बाद पर्यटन सुविधा केन्द्र के लिए रवाना हुए। यहां ब्रज तीर्थ विकास परिषद की तीसरे बोर्ड बैठक की गई। सीएम योगी परिषद के पदेन अध्यक्ष हैं। परिषद का गठन बृज के विकास के लिए यूपी में योगी सरकार बनने के कुछ समय बाद ही हुआ।

इस अवसर पर महंत महेंद्र दास महाराज, उत्तर प्रदेश व्यापार कल्याण बोर्ड के चैयरमेन रविकांत गर्ग, नगर निगम के उपसभापति राधाकृष्ण पाठक, डा. मनोज मोहन शास्त्री, बलदेव दाऊजी मंदिर के रिसीवर आरके पांडेय, बांके बिहारी मंदिर के सेवायत जॉनी गोस्वामी, रमाकांत शास्त्री, चंदन गौतम, विष्णुदान शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments