Sunday, May 19, 2024
Homeन्यूज़न्यूज़आतिशबाजी के गोदाम में विस्फोट, महिला की मौत, एक गंभीर, मचा हड़कंप

आतिशबाजी के गोदाम में विस्फोट, महिला की मौत, एक गंभीर, मचा हड़कंप

नौहझील। शुक्रवार की शाम आतिशबाजी के गोदाम में अचानक आग लगने से हुए विस्फोट हो गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी सास गंभीर घायल हो गई। विस्फोट से कमरा भी तहस-नहस हो गया। धमाके की आवाज सुनकर नौहझील के गांव खाजपुर के ग्रामीण दौड़ पड़े। पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गोदाम में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। गोदाम का लाइसेंस घायल महिला के नाम से है।

थाना नौहझील के गांव खाजपुर निवासी अंजना उर्फ ऊषा (35) पत्नी स्वर्गीय सुरेश जाटव सास कश्मीरी (65) पत्नी अमीचंद के साथ घर पर थी। गांव से अलग हटकर बने मकान के कमरे में आतिशबाजी के भंडारण में धुआं उठता देखकर अंजना वहां गई। कमरे में घुसते ही विस्फोट हो गया। विस्फोट होते ही कमरा ढह गया और उसके नीचे दबकर अंजना की मौत हो गई। काफी देर तक धुआं छाया रहा। कमरे से थोड़ी दूर पर काम कर रही कश्मीरी भी घायल हो गई। विस्फोट की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े।

देखा तो मलबे में दबा अंजना का शव पड़ा था तो कश्मीरी भी घायल बाहर पड़ी थी। थाना नौहझील के प्रभारी निरीक्षक लोकेश भाटी पुलिसबल के साथ पहुंच गए और पूरी जानकारी जुटाई। सीओ मांट धर्मेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि विस्फोट का कारण अभी साफ नहीं है। जानकारी जुटाई जा रही है।

31 मार्च को हुआ था लाइसेंस का नवीनीकरण

अंजना के पति सुरेश की करीब तीन साल पहले संदिग्ध परिस्थितियों के चलते मौत हो गई थी। आतिशबाजी के भंडारण का लाइसेंस सुरेश की मां कश्मीरी के नाम से था। इस लाइसेंस को 23 मार्च को नौहझील पुलिस ने चेक भी किया था। लाइसेंस दुरुस्त मिला था।

प्रभारी निरीक्षक लोकेश भाटी ने बताया कि लाइसेंस का 31 मार्च-2021 को ही नवीनीकरण हुआ है, जो कि 31 मार्च-2023 तक मान्य है। पुलिस ने लाइसेंस को मौके पर देखा तो सही पाया गया है।

बच्चे खेल रहे थे घर से बाहर

अंजना के चार बच्चे हैं। सबसे बड़ी बेटी सोनिया 15 वर्ष है तो 12 साल का कृष्णा। उसके बाद 10 साल की चंचल और छह साल अमन है। गनीमत रही कि विस्फोट के वक्त चारों बच्चे घर पर नहीं थे। ये सभी घर से बाहर खेल रहे थे।

आसपास नहीं था कोई मकान

जिस घर में विस्फोट हुआ। उसके आसपास कोई घर नहीं था। थोड़ी दूर सत्यवीर फौजी का घर है। हालांकि धमाके की आवाज तेज जरूर थी, पर घरों को कोई नुकसान नहीं हुआ। आसपास मकान होते तो काफी जनहानि के संग नुकसान को भी रोका नहीं जा सकता था।

फोरेंसिक टीम को मौके पर भेजा, जुटा रहे हैं जानकारी

एसपी देहात श्रीशचंद ने बताया कि विस्फोट का कारण साफ नहीं है। फिलहाल जानकारी जुटाई जा रही है। आतिशबाजी का लाइसेंस मृतका की सास के नाम से था। मौके पर फोरेंसिक टीम भेजी गई। जानकारी के बाद ही कार्रवाई आगे बढ़ेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments