Friday, May 3, 2024
HomeUncategorizedके.डी. हॉस्पिटल में हुई बच्चे के पेट की फटी आंत की सफल...

के.डी. हॉस्पिटल में हुई बच्चे के पेट की फटी आंत की सफल सर्जरी


मथुरा। के.डी. मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर के विशेषज्ञ शिशु शल्य चिकित्सक श्याम बिहारी शर्मा और उनकी टीम द्वारा गांव आझई, तहसील छाता, जिला मथुरा निवासी धारा सिंह के पुत्र आकाश (10) के पेट की फटी छोटी आंत की मुश्किल सर्जरी कर उसे नई जिन्दगी प्रदान की गई। अब बच्चा ठीक होकर घर जा चुका है तथा खाना भी खा रहा है।
ज्ञातव्य है कि गांव आझई, तहसील छाता, जिला मथुरा निवासी धारा सिंह राजमिस्त्री का काम करता है। उसका पुत्र आकाश साइकिल चलाते समय गिर गया तथा साइकिल का हैंडल पेट में चुभने से बच्चे के पेट की छोटी आंत फट गई। बच्चे की गम्भीर स्थिति को देखते हुए उसे के.डी. मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर लाया गया। के.डी. हॉस्पिटल के विशेषज्ञ शल्य चिकित्सक श्याम बिहारी शर्मा ने बिना विलम्ब किए उसकी कुछ जांचें करवाईं। जांचों से पता चला कि उसके पेट की छोटी आंत फट गई है। डॉ. शर्मा ने एक्स-रे में छोटी आंत फटने और अंदर फैलती गंदगी से भविष्य में बनने वाली खतरे की स्थिति से परिजनों को अवगत कराया तथा ऑपरेशन की सलाह दी।
धारा सिंह की सहमति के बाद डॉ. श्याम बिहारी शर्मा के प्रयासों तथा डॉ. रवि बघेल व निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. नवीन सिंह के सहयोग से बच्चे की फटी आंत को रिपेयर किया गया। सर्जरी लगभग तीन घण्टे चली तथा जीवन-मौत से जूझते आकाश को बचा लिया गया। डॉ. शर्मा का कहना है कि पेट की छोटी आंत फटने तथा इंफेक्शन की वजह से सर्जरी काफी कठिन थी लेकिन बच्चे को बचाने के लिए सर्जरी के अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं था। डॉ. शर्मा का कहना है कि जब बच्चे को यहां लाया गया था, तब उसकी स्थिति काफी गम्भीर थी। इमरजेंसी में लाए पुत्र की परेशानी को देखकर परिजन भी व्याकुल थे। ऑपरेशन सफल रहा और बच्चे को कुछ दिन ऑब्जरवेशन में रखने के बाद छुट्टी दे दी गई। अब आकाश बिल्कुल ठीक है।
आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल, डीन डॉ. आर.के. अशोका तथा चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र कुमार ने बच्चे की सफल सर्जरी करने वाले चिकित्सकों को बधाई देते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
चित्र कैप्शनः बच्चे आकाश को नई जिन्दगी देने वाले विशेषज्ञ शिशु शल्य चिकित्सक श्याम बिहारी शर्मा व उनके सहयोगी चिकित्सक।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments