Thursday, March 28, 2024
Homeशिक्षा जगतराजीव इंटरनेशनल स्कूल में हर्षोल्लास से मना दीपोत्सव

राजीव इंटरनेशनल स्कूल में हर्षोल्लास से मना दीपोत्सव

  • पर्यावरण बचाने का दिया संदेश, लघु नाटिका का किया मंचन


मथुरा। शनिवार को राजीव इंटरनेशनल स्कूल के गांधी सदन के छात्र-छात्राओं द्वारा विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन कर हर्षोल्लास के साथ दीपोत्सव मनाया गया। शिक्षकों के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं ने विविध कार्यक्रम पेश करते हुए पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। स्कूल के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं तथा कर्मचारियों ने दीपों को प्रज्वलित करने के बाद लक्ष्मीजी व श्रीगणेशजी की पूजा-अर्चना की।

दीपोत्सव का मुख्य आकर्षण राम के स्वयंवर से रावण वध तक की झाकियां थीं। इस अवसर पर नन्हें-मुन्ने बच्चों ने नृत्य व गायन के मनोहारी कार्यक्रम पेश किए। छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रदूषण रहित त्योहार मनाने का संदेश देते हुए कहा कि आज समूची दुनिया के सामने स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती है। दीपावली के अवसर पर आतिशबाजी व पटाखे चलाने से पर्यावरण खराब होता है लिहाजा साफ-स्वच्छ वातावरण बनाए रखना हम सभी की जवाबदेही है। शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि दीपोत्सव मनाएं लेकिन पटाखे कम से कम चलाएं तथा प्लाटिक के थैलों का प्रयोग करने से बचें। प्रार्थना सभा का संचालन कर्षित तथा दिति ने किया।


आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार अपने घरों तथा उसके आस-पास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संदेश देता है, अतः हमें स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना चाहिए। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि दीपावली त्योहार का पौराणिक महत्व है लेकिन हर तीज-त्योहार समयानुकूल मनाना हम सभी का कर्तव्य है।


प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल ने शिक्षकों, छात्र-छात्राओं तथा कर्मचारियों को दीपोत्सव की शुभकामनाएं दीं और कहा दीपावली खुशियों का त्योहार है लेकिन इस अवसर पर हम पटाखे जलाकर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने से बचें। श्री अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं से ईको फ्रेंडली दीपावली मनाते हुए मन के अंधियारे को मिटाने का आह्वान किया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments