Thursday, May 9, 2024
Homeडिवाइन (आध्यात्म की ओर)घंटे-घड़ियाल और ताल मृदंग की ध्वनि के बीच मनेगा बलराम जी का...

घंटे-घड़ियाल और ताल मृदंग की ध्वनि के बीच मनेगा बलराम जी का जन्मोत्सव

-दाऊजी मंदिर प्रांगण में बलदेव जी के जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर
-बलराम जी के जन्मोत्सव के अवसर पर 11 कुंतल बेसन के लड्डू का लगेगा भोग

चंद्र प्रकाश पांडेय

बलदेव/मथुरा : भगवान श्रीकृष्ण की जन्माष्टमी के बाद शेषावतार ब्रज के राजा बलदाऊजी के जन्मोत्सव की धूम मचेगी। घंटे-घड़ियाल और ताल मृदंग की ध्वनि के बीच जन्मोत्सव मनाया जायेगा। इसके लिए ब्रज के राजा की नगरी बलदेव में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। जन्मोत्सव पर ब्रजराज को बेसन के 11 कुंतल लड्डू का भी भोग लगेगा।

भाद्रपद मास की शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को ब्रज के राजा बलदाऊ जी जन्म लेंगे। जन्मोत्सव को भव्यता और दिव्यता प्रदान करने के लिए 8 दिवसीय बलदेव महोत्सव चलेगा। इस बीच दाऊजी मंदिर के रासलीला प्रांगण में सुबह से लेकर शाम तक भागवत कथा का आयोजन होगा। 14 से 20 सितंबर तक श्रीमद्भागवत कथा आयोजित होगी। इसमें भागवत प्रवक्ता ब्रज के प्रमुख संत श्री ऋतेश्वर महाराज, लाडली निकुंज वन, वृन्दावन के श्रीमुख से अमृत वर्षा होगी। कथा समय दोपहर 3 बजे से 7 बजे तक है। वहीं संत श्री प्रभुदत्त ब्रह्मचारी महाराज द्वारा रचित श्री भागवत चरित संगीतमय पारायण का आयोजन 13 सितम्बर से 20 तक होगा।
इसमें भागवत प्रवक्ता गोपाल भैया है। कथा समय सुबह सात बजे से 12 बजे तक है। बलदेव जन्मोत्सव का मुख्य कार्यक्रम 21 सितम्बर को मनाया जाएगा।

जन्मोत्सव के अवसर को दिव्यता प्रदान करने के लिए विशेष अभिषेक व हीरा जवाहरात के साथ श्री दाऊजी महाराज का विशेष श्रंगार वस्त्र विशेष रूप से तैयार हो रहें हैं, जिन्हें दाऊजी महाराज धारण करेगें। मंदिर में शहनाई वादन, विशेष श्रंगार दर्शन, हलधर सहस्त्र नाम पाठ वेदपाठी पंडितों द्वारा बलभद्र महायज्ञ होगा। जन्मोत्सव पर अभिषेक व दिव्य हीरा जवाहरात के दर्शन होंगे। शाम को चार बजे से विशाल भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो कि नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। शोभायात्रा के स्वागत के लिए भी नगरवासियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

दाऊजी मंदिर के सेवायत ज्ञानेन्द्र पांडेय ने बताया प्राचीन परम्परा के अनुसार बलदाऊजी जन्मोत्सव के बाद दधिकाधां महोत्सव भी 21 सितम्बर को आयोजित होगा। इसमें लाला की छीछी के रुप में दही माखन, हल्दी, फल नारियल प्रसाद स्वरूप लुटाया जायेगा। सभी कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी तरह से जोरों पर है। श्रीमद्भागवत कथा का पंडाल लगभग तैयार है। बलदेववासियों व ब्रजवासियों में बलदेव जन्मोत्सव के लिये विशेष जोश व उत्साह नजर आ रहा है। सभी ब्रज के राजा श्री दाऊजी महाराज का जन्मोत्सव मनाने के लिये तैयारी कर रहे हैं।

11 कुंतल लड्डू का लगेगा भोग

सेवायत ज्ञानेन्द्र पांडेय ने बताया कि बलदेव छठ के अवसर पर ब्रज के राजा को शुद्ध देशी घी से निर्मित 11 कुंतल बेसन के लड्डू का भोग लगेगा। भोग के बाद प्रसादी के तौर समाज के लोगों को वितरित किया जायेगा।

जगह-जगह लगेंगे बायगीर मेले

बलदेव छठ पर जगह-जगह बायगीर मेला शुरू होंगे। मेले में बायगीर सांप काटे की समस्याओं के साथ कंठवेल, विष वेल से पीड़ितों का उपचार करेंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments