Sunday, May 19, 2024
Homeन्यूज़के.डी. हॉस्पिटल में होडल निवासी वृद्ध का रिवीजन हिप रिप्लेसमेंट, हड्डी रोग...

के.डी. हॉस्पिटल में होडल निवासी वृद्ध का रिवीजन हिप रिप्लेसमेंट, हड्डी रोग विशेषज्ञों के प्रयासों से दो साल बाद अपने पैरों खड़ा हुआ सोहन लाल

मथुरा। के.डी. मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विक्रम शर्मा और डॉ. विवेक चांडक के प्रयासों से बिडूकी (होडल) निवासी 68 वर्षीय सोहन लाल पुत्र कन्हैया लाल दो साल बाद अपने पैरों पर खड़ा हो सका। हड्डी रोग विशेषज्ञों ने तीन घंटे के प्रयासों के बाद वृद्ध के कूल्हे का रिवीजन हिप रिप्लेसमेंट करने में सफलता हासिल की। कूल्हा प्रत्यारोपण के बाद सोहन लाल बिना किसी सहारे के न केवल चल-फिर पा रहा है बल्कि उसके निराश चेहरे पर भी रौनक लौट आई है।
परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 15 साल पहले सोहन लाल के बांए कूल्हे का होडल में प्रत्यारोपण किया गया था। दो साल पहले फिर से लगी चोट के कारण सोहन लाल के कूल्हे का रॉड (इम्प्लांट फेलियर) टूट गया तथा वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गया। यहां तक कि उसका अधिकांश समय चारपाई में ही बीतने लगा। निराश वृद्ध सोहन लाल को फरीदाबाद, दिल्ली आदि में दिखाया गया लेकिन सांस में दिक्कत तथा बढ़ती उम्र को देखते हुए चिकित्सकों ने सर्जरी से मना कर दिया।
हताश-निराश वृद्ध सोहन लाल को 25 अप्रैल को के.डी. हॉस्पिटल लाया गया। सोहन लाल की पूर्व की जांच और उपचार का अध्ययन करने के बाद हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विक्रम शर्मा तथा डॉ. विवेक चांडक ने रिवीजन हिप रिप्लेसमेंट का निर्णय लिया। परिजनों की सहमति के बाद डॉ. विक्रम शर्मा, डॉ. विवेक चांडक, डॉ. अमित अग्रवाल तथा निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. कौस्तव द्वारा 27 अप्रैल को वृद्ध सोहन लाल का रिवीजन हिप रिप्लेसमेंट किया गया। चिकित्सकों ने तीन घंटे के प्रयासों के बाद रिवीजन हिप रिप्लेसमेंट करने में सफलता हासिल की। कूल्हा प्रत्यारोपण के 24 घंटे बाद ही सोहन लाल चलने-फिरने लगा।
डॉ. विवेक चांडक का कहना है कि यह सर्जरी काफी कठिन थी क्योंकि रिवीजन हिप रिप्लेसमेंट से पहले पूर्व में प्रत्यारोपित कूल्हे को हटाया गया। इतना ही नहीं मरीज को शुगर, रक्तचाप के साथ ही सांस लेने में भी दिक्कत थी। डॉ. चांडक बताते हैं कि अधिक उम्र के बाद इस तरह की सर्जरी में काफी कठिनाई होती है। खासकर शुगर, हृदय और किडनी से संबंधित समस्या का सामना कर रहे मरीजों के साथ सबसे अधिक दिक्कत होती है।
अब सोहन लाल पूरी तरह से स्वस्थ है तथा उसे अब दर्द भी नहीं है। सोहन लाल के परिजनों ने सफल सर्जरी के लिए के.डी. हॉस्पिटल प्रबंधन तथा हड्डी रोग विशेषज्ञों का आभार माना है। आर.के. एज्यूकेशन ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल, डीन और प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका, उप प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र कुमार ने सफल सर्जरी के लिए चिकित्सकों की टीम को बधाई दी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments