HomeUncategorizedराष्ट्रभक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

राष्ट्रभक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

वृंदावन। हनुमान प्रसाद धानुका सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व हर्षोल्लास, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की संरक्षिका राजकुमारी धानुका, कोषाध्यक्ष कमल खंडेलवाल एवं अभिभावक प्रतिनिधि अमित शर्मा तथा विद्यालय की प्रधानाचार्य रजनी गुप्ता द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। तिरंगा फहराते ही विद्यालय परिसर राष्ट्रगान एवं देशभक्ति के जयघोष से गूँज उठा।
ध्वजारोहण के पश्चात छात्राओं द्वारा ध्वज गीत एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय परिवार की ओर से उनका अभिनंदन किया गया। छात्राओं ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान तथा राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों पर प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में ‘वन्दे मातरम्’ के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। छात्राओं ने अपनी देशभक्ति से ओत-प्रोत शहीद भगत सिंह लघु नाटिका , राजस्थानी लोकनृत्य व वन्देमातरम् गीत प्रस्तुतियों के माध्यम से मातृभूमि के प्रति प्रेम, सम्मान एवं समर्पण की भावना को अभिव्यक्त किया।
प्रधानाचार्य रजनी गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता हमें असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान से प्राप्त हुई है। आज आवश्यकता है कि हम स्वतंत्रता के मूल्यों को समझें तथा अनुशासन, संस्कार, शिक्षा, सेवा और राष्ट्रनिष्ठा के माध्यम से देश के विकास में अपना योगदान दें।
कार्यक्रम में छात्राओं की विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता एवं अखंडता बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ। विद्यालय प्रबंध समिति से रेखा माहेश्वरी, पद्मनाभ गोस्वामी, विश्वनाथ अग्रवाल, उमेश चन्द शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रगौरव, संस्कार और कर्तव्यबोध का पर्व बनाते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments