



देश के रक्षकों को समर्पित वृंदावन पब्लिक स्कूल की छात्राओं की स्नेहभरी राखी
वृंदावन। रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि सुरक्षा, विश्वास और जिम्मेदारी की भावना का भी प्रतीक है। देश की सीमाओं और नागरिकों की सुरक्षा के लिए दिन-रात समर्पित रहने वाले सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से वृंदावन पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने एक भावपूर्ण पहल की। छात्राओं ने मथुरा कैंट पहुँचकर सैनिक भाइयों की कलाई पर राखी बाँधी और उनके साहस, त्याग एवं देशसेवा को नमन किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य कृति शर्मा ने कहा कि सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए नागरिकों को सुरक्षित जीवन प्रदान करते हैं। ऐसे वीर जवानों को राखी बाँधना विद्यार्थियों के लिए गर्व, सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव का अवसर है।छात्राओं ने सैनिकों को राखी बाँधते हुए उनके प्रति स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राखी सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक है और सैनिक पूरे देश की सुरक्षा का दायित्व निभाते हैं। जवानों की कलाई पर राखी बाँधना उनके लिए एक भावुक और गौरवपूर्ण क्षण रहा।
मथुरा कैंट में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का वातावरण बना रहा। सैनिकों ने भी छात्राओं के स्नेह और सम्मान के लिए उनका आभार व्यक्त किया तथा उनका उत्साह बढ़ाया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, अनुशासन तथा भारतीय सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना विकसित करना था। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों ने यह संदेश दिया कि देश की रक्षा में समर्पित वीर जवानों के प्रति प्रत्येक भारतीय के मन में सम्मान और गर्व की भावना सदैव बनी रहनी चाहिए। छात्राओं ने मिलिट्री हॉस्पिटल पहुंचकर वहां उपचाररत एवं उपस्थित सैनिकों को राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त की। छात्राओं ने सैनिक भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी कलाई पर राखी बांधी और उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की मंगलकामना की।
इस भावुक अवसर पर सैनिकों ने भी छात्राओं के इस स्नेहपूर्ण प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें आत्मीय आशीर्वाद प्रदान किया। कई सैनिकों के लिए यह क्षण भावनाओं से भर देने वाला रहा। सैनिकों के प्रति रक्षा सूत्र के माध्यम सेअपनी भावांजलि व्यक्त करने वाले छात्राओं में माही, वैष्णवी, जयश्री ,लव्या, अवनी, श्रेया, जया रेनू ,रिचा और नव्या आदि मौजूद रहीं।
इसी क्रम में विद्यालय की प्रार्थना सभा में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर विशेष समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, प्रेम, स्नेह, विश्वास और परस्पर सहयोग के महत्व से परिचित कराना रहा। इसके अंतर्गत छात्रों ने भाई बहन के प्रेम को समर्पित गीतों पर नृत्य वह एक लघु नाटिका का प्रस्तुत की।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक रक्षासूत्र बांधकर इस पर्व की भावनात्मक एवं सांस्कृतिक महत्ता को अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम में ‘Gift Hamper Activity’ का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने आकर्षक उपहार हैम्पर तैयार कर अपनी रचनात्मकता और स्नेहपूर्ण भावनाओं का प्रदर्शन किया। गतिविधि ने विद्यार्थियों में सृजनात्मकता, सहभागिता और आपसी सौहार्द की भावना को बढ़ावा दिया।
विद्यालय परिसर में रक्षाबंधन की उमंग और उत्सव का वातावरण देखने को मिला। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व ही नहीं, बल्कि प्रेम, सम्मान, जिम्मेदारी और एक-दूसरे के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक भी है।विद्यालय में आयोजित रक्षाबंधन समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने पर्व की भावना को आत्मीयता और जिम्मेदारी के साथ अभिव्यक्त किया। छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे के प्रति प्रेम, सम्मान, सहयोग और सद्भाव की भावना बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उन्होंने एक-दूसरे की सुरक्षा एवं हर परिस्थिति में सहयोग करने की शपथ भी ली।
विद्यालय की प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय परंपराओं एवं संस्कारों से जोड़ने के साथ-साथ उनमें सहयोग और अपनत्व की भावना भी विकसित करते हैं।
रचनात्मक गतिविधियों और उत्साहपूर्ण सहभागिता से परिपूर्ण यह रक्षाबंधन समारोह विद्यार्थियों के लिए आनंददायक एवं यादगार बन गया। कार्यक्रम में सपना शर्मा स्वेका राज ,अशोक सैनी, रसिका गौड ,रितु शर्मा, अनुष्का शर्मा, रिचा दुबे, सीमा पाहुजा, निधि गौड़ आदि का सहयोग सराहनीय रहा।

