

कोसीकलां। भारतीय जनता पार्टी कोसीकलां द्वारा शुक्रवार को भारतीय जनसंघ के प्रमुख संगठनकर्ता एवं विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। नगर पालिका परिषद स्थित दीनदयाल पार्क में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सौरभ जैन के नेतृत्व में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्म 25 सितंबर 1916 को मथुरा जिले के नगला चंद्रभान में हुआ था। उन्होंने अपना जीवन राष्ट्रसेवा और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित किया। भारतीय जनसंघ के संगठन को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके द्वारा प्रतिपादित एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचार आज भी समाज और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरणा देते हैं।पालिका अध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन सादगी, त्याग, संगठन क्षमता और राष्ट्रनिष्ठा का उदाहरण है। उनका मानना था कि विकास का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाओं और अवसरों को पहुंचाना होना चाहिए। भाजपा मंडल अध्यक्ष सौरभ जैन ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने राजनीति को राष्ट्र और समाज की सेवा का माध्यम माना। उनके विचारों से कार्यकर्ताओं को संगठन के प्रति समर्पण, अनुशासन और सेवा की प्रेरणा मिलती है। सेवा संकल्प अभियान के तहत चलाया स्वच्छता अभियान जयंती के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता अभियान भी चलाया। कार्यकर्ताओं ने सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। डॉ अमर सिंह पूनिया, भागवत प्रसाद रोहिल्ला और गिर्राज वाल्मीकि सहित कार्यकर्ताओं ने स्वयं श्रमदान करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। वहीं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अनुयायियों ने ‘मां के नाम एक पेड़’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्वच्छ वातावरण और हरा-भरा पर्यावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है। भाजपा नेता दीपक बडगूजर एवं मंडल उपाध्यक्ष विजय शर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके सेवा, स्वावलंबन और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के संदेश को व्यवहार में उतारा जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान और पौधरोपण जैसे कार्य समाजसेवा की भावना को मजबूत करते हैं।इस दौरान धर्मवीर शर्मा नर्सिंग पूनिया दो जवाहर सिंह रावत अवधेश गुप्ता भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं दीनदयाल उपाध्याय के अनुयायी मौजूद रहे।

