
वृंदावन। रांची, झारखंड में आयोजित अखिल भारतीय जूडो एवं कुराश प्रतियोगिता में परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्या मंदिर के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के 31 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें 30 खिलाड़ियों ने पदक प्राप्त किए। खिलाड़ियों ने कुल 30 पदक हासिल किए, जिसमें 12 स्वर्ण, 12 रजत एवं 6 कांस्य पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया।
विद्यालय के खेल प्रशिक्षक रविंद्र सिंह ने बताया कि जूडो में विद्यालय को कुल 13 पदक 3 स्वर्ण, 4 रजत एवं 6 कांस्य प्राप्त हुए, जबकि कुराश में 17 पदक 9 स्वर्ण, 7 रजत एवं 1 कांस्य हासिल किए गए।
उन्होंने बताया कि जूडो के अंडर-14 में मयंक, निखिल को स्वर्ण, मोहित को रजत, आयुष एवं देव को कांस्य, अंडर-17 में विपिन को स्वर्ण, यशवर्धन को रजत एवं दीपक व युगांत को कांस्य तथा अंडर-19 में कृष्णा, रोहित को रजत, भैया शिवम, आर्यन को कांस्य पदक प्राप्त हुआ l
कुराश के परिणाम में अंडर-14 में विवेक, तनुज, अंगराज को स्वर्ण, लक्ष्मीकांत, आदिस, पंकज को रजत। अंडर-17 में नरेंद्र, वरुण, निशांत को स्वर्ण, त्रिलोकी, गौरव को रजत तथा प्रशांत को कांस्य। अंडर-19 में गौरांग, पीयूष, प्रशांत को स्वर्ण, अनुज, पुनीत को रजत प्राप्त हुआ।
प्रतियोगिता में विद्यालय ने जूडो अंडर-14 की प्रथम चैंपियनशिप, जबकि कुराश अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 की प्रथम चैंपियनशिप अपने नाम की। इसके साथ ही विद्यालय को कुराश की ओवरऑल चैंपियनशिप भी प्राप्त हुई।
प्रशिक्षक रविंद्र सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों ने अनुशासन, नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय के प्रबंधक शिवेन्द्र गौतम, प्रधानाचार्य विपिन कुमार शर्मा एवं समस्त विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

