

बरसाना राधारानी की नगरी बरसाना में पं. प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा के मंच से बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। राधारानी पर विवादित टिप्पणी करने वाले व्यक्ति को मंच पर स्थान और सम्मान दिए जाने से नंदगांव-बरसाना के ब्रजवासियों में भारी आक्रोश है। ब्रजवासी पूछ रहे हैं, आस्था के अपमान के बाद मंच पर सम्मान क्यों?
ब्रजवासियों का कहना है कि राधारानी ब्रज की आत्मा हैं, उनकी आस्था और अस्मिता हैं। जिस व्यक्ति ने राधारानी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी, उसे आज तक ब्रजवासी भूले नहीं हैं। ऐसे व्यक्ति को धर्म-मंच पर बैठाना करोड़ों भक्तों की भावनाओं पर चोट है।
नंदगांव से लेकर बरसाना तक चाय की दुकानों, मंदिरों और गलियों में इसी की चर्चा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कथा आस्था का मंच है, विवादित चेहरों के महिमामंडन का नहीं। मंच साझा किए जाने से पुराना जख्म फिर हरा हो गया है।
“मैं इस समय बरसाना में हूं, जहां शिव महापुराण कथा चल रही है। लेकिन कथा से ज्यादा चर्चा मंच पर दिखे उस चेहरे की हो रही है, जिस पर राधारानी को लेकर विवादित टिप्पणी का आरोप है। ब्रजवासी साफ कह रहे हैं – राधारानी के अपमान पर हम चुप नहीं बैठेंगे, मंच से जवाब देना होगा।”
ब्रजवासियों ने मांग की है कि कथा आयोजक और मंच पर मौजूद संत समाज इस पर स्थिति स्पष्ट करे। आक्रोशित लोगों का कहना है कि यदि समय रहते माफी नहीं मांगी गई और भूल सुधार नहीं हुआ, तो विरोध और तेज होगा।
राधारानी के नाम पर ब्रजवासी अपना सर्वस्व न्यौछावर करते हैं, ऐसे में मंच की इस चूक ने आस्था को आहत किया है। अब सबकी निगाहें आयोजकों के जवाब पर टिकी हैं। बरसाना से
राघव शर्मा की रिपोर्ट।

