
8 से 10 हजार विद्यार्थी एक साथ करेंगे संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन एक स्वर, एक संविधान” कार्यक्रम का होगा भव्य आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मथुरा के तत्वावधान में दिनांक 26 नवम्बर 2026 (गुरुवार) को संविधान दिवस के अवसर पर प्रातः 08:30 बजे से एक स्वर, एक संविधान” शीर्षक से संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन का भव्य आयोजन किया जाएगा।यह कार्यक्रम माननीय जनपद न्यायाधीश श्री विकास कुमार की अध्यक्षता में संस्कार पब्लिक स्कूल, महोली रोड, इंडस्ट्रियल एरिया, मथुरा में आयोजित होगा। कार्यक्रम में जनपद के न्यायिक, पुलिस एवं प्रशासनिक विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मथुरा की सचिव श्रीमती अनीता सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस भव्य आयोजन में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 8 से 10 हजार छात्र-छात्राएं सहभागिता करेंगे। सभी विद्यार्थी एक साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संविधान के मूल आदर्शों, मूल्यों एवं सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करेंगे। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में संविधान के प्रति सम्मान, संवैधानिक जागरूकता एवं मौलिक कर्तव्यों के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना तथा न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे संवैधानिक मूल्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है। यह आयोजन न केवल संविधान के प्रति सम्मान एवं गौरव की सामूहिक अभिव्यक्ति होगा, बल्कि हजारों विद्यार्थियों के एक साथ प्रस्तावना वाचन के माध्यम से सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक चेतना का सशक्त संदेश भी प्रसारित करेगा। एक स्वर, एक संविधान” का यह आयोजन युवा पीढ़ी को संवैधानिक मूल्यों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी पहल सिद्ध होगा।

