Friday, May 3, 2024
Homeन्यूज़न्यूज़राजीव इंटरनेशनल स्कूल में हर्षोल्लास से मना क्रिसमस पर्व

राजीव इंटरनेशनल स्कूल में हर्षोल्लास से मना क्रिसमस पर्व


नन्हें-मुन्नों ने नाटक के माध्यम से प्रस्तुत कीं प्रभु यीशु के जीवन की झलकियां


मथुरा। शुक्रवार को राजीव इंटरनेशनल स्कूल के नन्हें-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने हर्षोल्लास के साथ क्रिसमस का पर्व मनाया। इस मौके पर बच्चों ने मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए तथा विभिन्न पोस्टरों के माध्यम से सेंटा क्लॉज आता है और खुशियां लाता है, जीवन को सुखमय बनाने में शांति और अहिंसा का अभूतपूर्व योगदान है, आदि का संदेश दिया। बच्चों ने सेंटा क्लॉज की पोशाक पहनी और क्रिसमस ट्री को सजाया। इस दौरान मिठाई व उपहार वितरित किए गए।


शुक्रवार को सुबह से ही राजीव इंटरनेशनल स्कूल में मैरी क्रिसमस की धूम रही। कार्यक्रम का शुभारम्भ स्कूल की शैक्षिक संयोजिका प्रिया मदान द्वारा किया गया। स्कूल में क्रिसमस ट्री और सेंटा क्लॉज सजाया गया। कार्यक्रम का संचालन वंश, अंशिका, अविश, ज्योत्सना तथा ऐशानी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कैरोल गाया गया तथा नन्हें-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रभु यीशु के जीवन की झलकियां नाटक के माध्यम से प्रस्तुत की गईं। सेंटा क्लॉज द्वारा बच्चों को उपहार भेंट किए गए तथा बाल-मेले का भी आयोजन किया गया।


आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं तथा समस्त गुरुजनों को बड़े दिन की शुभकामनाएं दीं। डॉ. अग्रवाल ने बच्चों के मनमोहक कार्यक्रमों की प्रशंसा करते हुए कहा कि हर त्योहार भाईचारे का संदेश देता है। यह खुशी की बात है कि राजीव इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों को विभिन्न धर्मों की जानकारी है। उन्होंने कहा कि ईसा मसीह एक महान व्यक्ति थे जिन्होंने लोगों को सत्यमार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करने में अपना सारा जीवन लगा दिया।


स्कूल के प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए उन्हें क्रिसमस त्योहार की बधाई दी। श्री अग्रवाल ने कहा कि क्रिसमस समूची दुनिया में मनाया जाने वाला एक ऐसा पर्व है जोकि लोगों को सद्भाव से रहने की सीख देता है। सच्चाई तो यह है कि प्रभु यीशु ने लोगों को मिल-जुलकर प्यार और भाईचारे से रहने का पाठ पढ़ाया। स्कूल की शैक्षिक संयोजिका प्रिया मदान ने सभी बच्चों को बड़े दिन की बधाई देते हुए कहा कि केवल त्योहार को मनाना ही काफी नहीं बल्कि उसके पीछे छिपे संदेश को जानना भी जरूरी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments