Friday, April 26, 2024
Homeन्यूज़न्यूज़महान गायिका लता मंगेशकर का निधन, दो दिन का राजकीय शोक

महान गायिका लता मंगेशकर का निधन, दो दिन का राजकीय शोक


मुंबई। स्वरों की मल्लिका और भारत रत्न से सम्मानित लता मंगेशकर ने रविवार (छह फरवरी) सुबह इस दुनिया को अलविदा कह दिया। लता मंगेशकर आठ जनवरी को कोरोना वायरस से संक्रमित हो गईं, जिसके बाद से ही उनकी स्थिति ठीक नहीं थी। 92 साल की लता मंगेशकर को कोरोना के साथ निमोनिया भी हुआ, जिसके चलते वह मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थीं। यहां उन्हें आईसीयू में रखा गया था। फैंस भी उनके लिए दुआ मांग रहे थे, लेकिन वह हर किसी को रोता-बिलखता छोड़कर चली गईं।


महान गायिका लता मंगेशकर का रविवार को यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं। उनकी छोटी बहन उषा मंगेशकर ने से कहा, ‘‘वह (लता मंगेशकर) अब नहीं रहीं। उनका सुबह निधन हो गया।’’ गायिका कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई थीं और उन्हें बीमारी के मामूली लक्षण थे। उन्हें आठ जनवरी को ब्रीच कैंडी अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टर प्रतीत समदानी और उनकी टीम की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था। मंगेशकर की हालत में सुधार हुआ था और वेंटिलेटर हटा दिया गया था, लेकिन शनिवार को उनका स्वास्थ्य फिर बिगड़ गया था।

मैं अपना दुख शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकता: प्रधानमंत्री ने लता मंगेशकर के निधन पर कहा


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महान गायिका लता मंगेशकर के निधन पर रविवार सुबह शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह अपने दुख को शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकते। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘लता दीदी ने अपने गीतों के जरिए विभिन्न भावनाओं को व्यक्त किया। उन्होंने दशकों से भारतीय फिल्म जगत में आए बदलावों को नजदीक से देखा। फिल्मों से परे, वह भारत के विकास के लिए हमेशा उत्साही रहीं। वह हमेशा एक मजबूत और विकसित भारत देखना चाहती थीं।’’
मोदी ने कहा, ‘‘मैं अपना दुख शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकता। दयालु और सबकी परवाह करने वाली लता दीदी हमें छोड़कर चली गईं। उनके निधन से देश में एक खालीपन पैदा गया है, जिसे भरा नहीं जा सकता। भावी पीढ़ियां उन्हें भारतीय संस्कृति की पुरोधा के रूप में याद रखेंगी, जिनकी सुरीली आवाज में लोगों को मोहित करने की अद्वितीय क्षमता थी।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘यह मेरे लिए सम्मान की बात है कि मुझे लता दीदी से हमेशा बहुत स्नेह मिला। मैं उनके साथ की गई बातों को हमेशा याद रखूंगा। मैं और देशवासी लता दीदी के निधन पर शोक व्यक्त करते हैं। मैंने उनके परिवार से बात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। ओम शांति।’’लता मंगेशकर का रविवार सुबह मुंबई स्थित एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments