Friday, April 19, 2024
Homeन्यूज़न्यूज़रसखान समाधि पर बिखरे कला और संस्कृति के रंग

रसखान समाधि पर बिखरे कला और संस्कृति के रंग

  • उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और जीएलए विश्वविद्यालय का संयुक्त आयोजन
  • ब्रज की पुरातन लोककला सांझी का आठ दिवसीय महोत्सव रसखान और ताज बीवी समाधि परिसर में प्रारंभ


गोविन्द भारद्वाज/कोमल पाराशर
मथुरा/गोकुल।
श्री कृष्ण के अनन्य भक्त रसखान और ताजबीबी की गोकुल स्थित समाधि परिसर में रविवार को ब्रज की पुरातन परंपरा को जीवंत करने वाले सांझी महोत्सव का भव्य शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष मधु शर्मा और जीएलए विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। महोत्सव में कला और संस्कृति के अलग अलग रंग देखे गए। उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद और जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा के संयुक्त तत्वावधान में सांझी महोत्सव 18 से 25 सितंबर तक चलेगा। यह आयोजन उप्र पर्यटन विभाग, राजकीय संग्रहालय, मथुरा और ब्रज संस्कृति शोध संस्थान, वृंदावन के सहयोग से हो रहा है।


समूचे परिसर में आज कलाकार सांझी बनाने में जुटे रहे। एक ओर रंगों की सांझी बनाने में महिला और पुरुष कलाकार जुटे रहे वहीं अडींग की पूनम यादव और गोकुल की लक्ष्मी देवी व वृंदावन तथा अन्य स्थानों से पहुंचीं महिलाओं ने गोबर, फूलों से सांझी बनायी। राजकीय संग्रहालय की ओर से अलग से गैलरी सजाई गयी, जिसमें इस परंपरा को चित्रों के जरिए समझाया गया। समूचा परिसर केसरिया ध्वज व पट्टिकाओं से अटा पड़ा रहा। रसखान समाधि परिसर में सांझी देखने वाले महिला व पुरुषों की भी कतार लगी रही। सायं काल सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में भजन गायन से परिसर भक्तिमय हो गया।


जिलाध्यक्ष मधु शर्मा ने ब्रज तीर्थ विकास परिषद और जीएलए विश्वविद्यालय के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ब्रज का सरंक्षण तो निखर कर सामने आता ही है, बल्कि वातावरण संस्कृति के रंग में रंग जाता है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मन को शांति मिलती है। प्रो. अनूप कुमार गुप्ता ने कहा कि आज कलाकारों द्वारा विभिन्न तरह को सांझी तैयार कर उनमें रंगों को पिरोया है वह वाकई काबिले तारीफ है। यह हुनर बताता है कि इस ब्रज में कलाकारों की कोई कमी नहीं है, बल्कि उनके निखरने की जरूरत। वह तभी निखरेंगे जब ऐसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। यही सभी कलाकार प्रतिदिन अलग-अलग रंग में सांझी तैयार करेंगे।


महोत्सव के शुभारंभ मौके पर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से डिप्टी सीईओ पंकज वर्मा, पर्यटन अधिकारी डीके शर्मा, राजकीय संग्रहालय के सहायक निदेशक यशवंत सिंह राठौर, ब्रज संस्कृति शोध संस्थान के सचिव लक्ष्मी नारायण तिवारी, गोपाल शर्मा, परिषद के ब्रज संस्कृति विशेषज्ञ डॉ उमेश चंद्र शर्मा, आरपी सिंह यादव व गीता शोध संस्थान वृंदावन के समन्वयक चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार आदि उपस्थित रहे।

सांझी बनाने की परंपरा पुरातन काल से

गोकुल। साझी महोत्सव में रविवार को पहले दिन बडे भक्ति भाव से दिन भर कलाकार सांझी के चित्र बनाने में जुटे रहे।
सांझी बनाने वाली अडींग निवासी पूनम यादव का कहना है कि सांझी के चित्र के बनाना भी एक साधना है। ब्रज के मंदिरों के जगमोहन में सांझी बनाने की परंपरा वैदिक काल से चली आ रही है। अब इस कला का नवाचार हो रहा है।
इस अवसर पर कलाकारों ने सांझी महोत्सव मैं बनाई जा रही रंगोली व सांझी मे अंतर भी समझाया। ब्रज में कृष्ण की लीलाएं सांझी में चित्रित किए जाने की परंपरा रही है। बल्लभ संप्रदाय व निम्बार्क संप्रदाय में भी सांझी परंपरा रही है। ये माना जाता है कि सांझी बनाना एक साधना है, रोजगार नही। सभी का यही मत रहा ये पुरातन कला जीवित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments