Wednesday, May 8, 2024
Homeन्यूज़न्यूज़गांव को सता रहा कोरोना का डर, 17 हज़ार की आबादी के...

गांव को सता रहा कोरोना का डर, 17 हज़ार की आबादी के बीच करोड़ों की लागत से बने उप स्वास्थ्य केन्द्र में जड़ा है ताला

मथुरा। यूपी की योगी सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का दावा कर रही है। लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराने के लिए जिले के गाँव महोली में करोड़ों की लागत से उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया गया। गाँव का यह उप स्वास्थ्य केंद्र इन दिनों सफेद हाथी बना है। कोरोना के भय से न तो डॉक्टर यहां आते हैं और न ही स्टाफ का कोई सदस्य मौजूद रहता है। उप स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले मरीजों को भी मायूस होकर यहां से लौटना पड़ रहा है।

मथुरा से सटे 17 हज़ार की आबादी बाले गाँव महोली में बना उप स्वास्थ्य केंद्र इन दिनों सफेद हाथी साबित हो रहा है। उप स्वास्थ्य केंद्र के गेट पर ताला जड़ा है। यहां आने वाले मरीज मायूस होकर वापस लौट जाते हैं। गाँव महोली के उप स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात केंद्र प्रभारी और उनका स्टाफ 15 दिन से लापता है। शहर के नजदीक होने की वजह से ग्रामीणों को कोरोना का डर सताने लगा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गाँव में कई लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। धीरे धीरे कोरोना गांव में भी पैर पसार रहा है लेकिन स्वास्थ्य विभाग द्वारा बनवाए गए उप स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात कर्मचारी नदारद है। बड़ी आवादी वाले इस गांव में स्वास्थ्य सेवा के कोई इंतजामात नहीं है। बीमार होने पर गांव के लोग शहर आने को मजबूर हंै।

ग्रामीण खेमचंद बघेल ने बताया कि 15 दिन से लगातार उप स्वास्थ्य केंद्र के चक्कर लगा रहा हूँ। हर दिन गेट पर ताला लगा होने के कारण यहां से लौटना पड़ता है। कोई भी डॉक्टर कोरोना की वजह से उप केंद्र पर नहीं आ रहा है। ना तो किसी भी ग्रामीण को कोरोना का टीका लग रहा है और ना ही किसी भी ग्रामीण को यहां से दवाई दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से माँग है कि वह उप स्वास्थ्य केंद्र को खुलवाएं यहां समय पर डॉक्टर अगर आते हैं तो लोगों को दवाई मिल सकेगी।

युवा जगराम ने कहां की पिछले 15 दिनों से उप स्वास्थ्य केंद्र बंद है। शहर से सटे होने के कारण ग्रामीणों को कोरोना का डर है। उन्होंने बताया कि जो भी ग्रामीण यहां उप स्वास्थ्य केंद्र पर आता है वह वापस लौट जाता है। वापस लौटने की वजह केंद्र पर लगा हुआ ताला है। उप केंद्र अगर खुलता है तो लोगों की परेशानियाँ खत्म हो जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही है। सरकार के निर्देशों के बाद भी उप स्वास्थ्य केंद्र नहीं खोल रहे हैं और ना ही डॉक्टर आ रहे हैं। जगराम ने उप स्वास्थ्य केंद्र को खुलवाने की माँग की है।

गांव महोली के उप स्वास्थ्य केंद्र पर ताला जड़ा होने को लेकर कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉक्टर भूदेव सिंह से जब बात की तो नोडल अधिकारी रटा-रटाया जबाब देते नज़र आये। उन्होंने कहा कि हमारी टीम लगातार गांव में सर्वे कर रही है और लोगों को दवाइयां मुहैया करा रही है। उप स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात डॉक्टरों को कोविड-19 के हॉस्पीटलों में तैनात किया गया है। अगर डॉक्टर साहब की बातों में सच्चाई है तो ग्रामीणों को वैक्सीन और दवाइयों के लिए क्यों भटकना पड़ रहा है।।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments