Tuesday, May 7, 2024
Homeन्यूज़न्यूज़योग, व्यायाम और संतुलित आहार फिट रहने के अचूक उपायः संजय जोशी

योग, व्यायाम और संतुलित आहार फिट रहने के अचूक उपायः संजय जोशी


जी.एल. बजाज में हुआ इंटरेक्टिव सत्र का आयोजन


मथुरा। जीएल बजाज ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस, मथुरा में मंगलवार को एक इंटरेक्टिव सत्र आयोजित किया गया, जिसमें आहार विशेषज्ञ और फिटनेस कोच (स्टूडेन्ट्स सपोर्ट सिस्टम-जीएल बजाज) संजय जोशी ने छात्र-छात्राओं को बताया कि कैसे वे संतुलित आहार, शारीरिक व्यायाम और कुछ योगासन कर अपने आपको चुस्त-दुरुस्त व फिट रख सकते हैं। श्री जोशी ने विद्यार्थियों को समझाया कि फिटनेस और संतुलित आहार के माध्यम से मन को तरोताजा तथा शांत रखा जा सकता है। श्री जोशी ने कहा कि जीवन में सक्रिय रहना एक मानवीय आवश्यकता है।


श्री जोशी ने फिट रहने तथा सम्पूर्ण संतुलित आहार बनाने की विस्तार से जानकारी देते हुए छात्र-छात्राओं को व्यायाम और कसरत करने के उपाय बताए। उन्होंने छात्र-छात्राओं और संकाय सदस्यों द्वारा पूछे गये सवालों के जवाब भी दिए। श्री जोशी ने कहा कि स्पोर्ट्स पर्सन के साथ छात्र-छात्राओं को भी विशेष रूप से इस बात पर ध्यान देने की जरूरत है कि वे क्या खाते हैं या क्या पीते हैं ताकि वे अपने शरीर को बेहतर बना सकें।

आहार विशेषज्ञ और फिटनेस कोच संजय जोशी को स्मृति चिह्न भेंट करती हुई संस्थान की निदेशक प्रो. (डॉ.) नीता अवस्थी।


श्री जोशी ने कहा कि स्वस्थ रहकर ही हम अपने कार्यो का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन कर सकते हैं। स्वस्थ रहने के लिए योग एवं व्यायाम के साथ-साथ संतुलित मात्रा में निर्धारित पौष्टिक भोजन लेना अनिवार्य है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को योगासन और पोषण आहार के लाभ बताए तथा कहा कि योग के आठ आयामों को प्राप्त करने के लिए हमें प्रतिदिन योगासन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि योगासन से शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने में मदद मिलती है। संजय जोशी ने महाविद्यालय की खेल सुविधा, मैदान एवं व्यायामशाला का भी दौरा किया तथा कुछ बदलाव के सुझाव भी दिए। कार्यक्रम का संचालन लोकेश शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को अपने-अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देना चाहिए।


RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments