Friday, May 3, 2024
Homeराजनीतियूपी चुनाव : करहल सीट पर चुनावी खर्च में अखिलेश यादव से...

यूपी चुनाव : करहल सीट पर चुनावी खर्च में अखिलेश यादव से आगे हैं भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल

मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट में चुनावी खर्च में केंद्रीय कानून राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को पीछे छोड़ दिया है। भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल ने सपा प्रत्याशी अखिलेश यादव से दो लाख ज्यादा चुनाव में खर्च किए हैं। वहीं सर्वाधिक खर्च बसपा प्रत्याशी गौरवनंद ने किया है।

चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के खर्च की सीमा 40 लाख रुपये निर्धारित की थी। चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों ने 16 फरवरी तक के खर्च का ब्यौरा जिला प्रशासन को सौंप दिया है। बात करहल विधानसभा सीट की करें तो इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय कानून राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने 12 लाख 84 हजार 825 रुपये का खर्च दिखाया है।


अखिलेश ने इतने रुपये किए खर्च
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दस हजार 84 हजार 285 रुपये का चुनाव खर्च दिखाया है। बसपा के कुलदीप नारायण ने तीन लाख 56 हजार 573 रुपये का खर्च दिखाया है। सर्वाधिक खर्च मैनपुरी सीट से बसपा प्रत्याशी गौरव नंद सविता ने दिखाया है। उन्होंने 23 लाख नौ हजार 603 रुपये का खर्च दिखाया है। इस सीट पर खर्च की तुलना में भाजपा प्रत्याशी जयवीर सिंह दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 20 लाख 64 हजार 643 रुपये का खर्च दिखाया है। सपा प्रत्याशी राजकुमार यादव राजू ने 13 लाख 47 हजार 983 रुपये का खर्च दिखाया है।


भोगांव में आबकारी मंत्री आगे
भोगांव विधानसभा सीट की बात करें तो यहां चुनाव खर्च में भाजपा प्रत्याशी और आबकारी रामनरेश अग्निहोत्री आगे हैं। उन्होंने 16 लाख 29 हजार 615 रुपये का खर्च दिखाया है। दूसरे स्थान पर कांग्रेस की ममता राजपूत हैं। उन्होंने 11 लाख 33 हजार 555 का खर्च दिखाया है। सपा प्रत्याशी आलोक शाक्य ने आठ लाख 13 हजार 554 रुपये खर्च दिखाया है। वहीं, वोटर इंटरनेशनल पार्टी की अनीता का चुनावी खर्चा मात्र 10 हजार दिखाया गया है, जो पूरे जिले की विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम है।


किशनी में आशू दिवाकर आगे रहे
किशनी विधानसभा सीट पर चुनाव खर्च में आशू दिवाकर आगे रहे हैं। 16 फरवरी तक उन्होंने 18 लाख 70 हजार 620 रुपये का चुनाव खर्च दिखाया है। खर्च के मामले में वह पहले स्थान पर रहे हैं। दूसरे स्थान पर सपा प्रत्याशी बृजेश कठेरिया रहे हैं। उन्होंने नौ लाख 56 हजार 33 रुपये का खर्च दिखाया है। तीसरे स्थान पर कांग्रेस के विनीत नारायण सिंह हैं। उन्होंने चार लाख 99 हजार 25 रुपये का खर्च दिखाया है। वरिष्ठ कोषाधिकारी श्यामलाल जसवाल ने बताया कि प्रत्याशियों की ओर से उपलब्ध कराए गए खर्च के ब्यौरे की जांच की जा रही है। प्रशासन भी खर्च पर नजर बनाए हुए हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments